Dhurandhar 2 BO Day 4: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई है. फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है और सिनेमाघरों में इसके शो लगातार हाउसफुल जा रहे हैं. महज कुछ ही दिनों में फिल्म ने 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया और तेजी से आगे बढ़ रही है.
इस फिल्म को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है और कहानी भी खुद लिखी है. फिल्म में संजय दत्त चौधरी असलम के किरदार में नजर आए हैं, जबकि अर्जुन रामपाल ने मेजर इकबाल का रोल निभाया है. इसके अलावा आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं. सभी कलाकारों की एक्टिंग को खूब सराहा जा रहा है.
दिन-ब-दिन बढ़ती कमाई
फिल्म ने पेड प्रिव्यू से ही 43 करोड़ की कमाई कर ली थी. इसके बाद पहले दिन 102.55 करोड़, दूसरे दिन 80.72 करोड़ और तीसरे दिन 113 करोड़ का कलेक्शन किया. चौथे दिन भी फिल्म की रफ्तार बनी रही और रात 8 बजे तक करीब 92.47 करोड़ कमा लिए थे. इस तरह कुल कलेक्शन 431 करोड़ से ज्यादा पहुंच चुका है. हालांकि चौथे दिन के फाइनल आंकड़े अभी आने बाकी हैं.
पहले पार्ट से जुड़ी कहानी
यह फिल्म 2025 में आई धुरंधर का सीक्वल है. पहले पार्ट में रणवीर सिंह ने हमजा का किरदार निभाया था, जो एक इंडियन स्पाई होता है. फिल्म में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत का रोल निभाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं और उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था.
नए पार्ट में दिखेगा अतीत और वर्तमान
धुरंधर 2 में रणवीर सिंह एक बार फिर हमजा के रोल में नजर आ रहे हैं. इस बार फिल्म में उनकी कहानी फ्लैशबैक में भी दिखाई जाती है, जहां वह अपनी असली पहचान जसकीरत सिंह रंगी के रूप में दिखते हैं. फिल्म में यह भी बताया गया है कि वह कैसे हमजा बने.
कॉमेडी और एक्शन का शानदार मेल
फिल्म में एक्शन के साथ-साथ कॉमेडी का भी अच्छा मिश्रण देखने को मिलता है. संजय दत्त और राकेश बेदी की कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को खूब पसंद आ रही है, जिससे फिल्म और भी एंटरटेनिंग बन गई है.
क्या तोड़ेगी नए रिकॉर्ड?
पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 1300 करोड़ की कमाई की थी. ऐसे में अब सभी की नजरें धुरंधर 2 पर हैं कि यह फिल्म आगे चलकर कौन-कौन से नए रिकॉर्ड बनाएगी. फिलहाल, इसकी तेज रफ्तार को देखकर लग रहा है कि फिल्म लंबी रेस की खिलाड़ी साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट तनाव पर मीटिंग के बाद पीएम मोदी ने दिए ये निर्देश, अमित शाह और अजीत डोभाल भी बैठक में थे मौजूद