पाकिस्तान में 'धुरंधर 2' का जबरदस्त क्रेज, नेटफ्लिक्स पर बनी नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म, क्रैश हुए सर्वर!

धुरंधर: द रिवेंज को लेकर पाकिस्तान में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म 15 मई 2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर रिलीज हुई और रिलीज के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो तेजी से वायरल होने लगे.

Dhurandhar 2 becomes number 1 trending film on Netflix in Pakistan
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Dhurandhar 2: धुरंधर: द रिवेंज को लेकर पाकिस्तान में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म 15 मई 2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर रिलीज हुई और रिलीज के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो तेजी से वायरल होने लगे. कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने दावा किया कि फिल्म को देखने के लिए लोगों की इतनी ज्यादा भीड़ उमड़ी कि कुछ समय के लिए नेटफ्लिक्स की स्ट्रीमिंग में दिक्कतें आने लगीं.

हालांकि नेटफ्लिक्स की तरफ से सर्वर क्रैश को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रतिक्रियाओं ने फिल्म को लेकर चर्चा को और तेज कर दिया है.

रात 12 बजे से फिल्म का इंतजार कर रहे थे दर्शक

पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि पाकिस्तान में बड़ी संख्या में लोग आधी रात से ही फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे थे. उनके मुताबिक, जैसे ही फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध हुई, हजारों लोगों ने एक साथ उसे स्ट्रीम करना शुरू कर दिया.

उन्होंने वीडियो में कहा कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता थी. कुछ लोग फिल्म की कहानी जानना चाहते थे, जबकि कई दर्शक यह देखने के लिए उत्साहित थे कि फिल्म में पाकिस्तान और वहां के हालात को किस तरह दिखाया गया है. वीडियो में उन्होंने यह भी दावा किया कि स्ट्रीमिंग के दौरान फिल्म बार-बार बफर हो रही थी, जबकि उनके इंटरनेट कनेक्शन में कोई समस्या नहीं थी.

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर #Dhurandhar2 और फिल्म से जुड़े कई अन्य हैशटैग तेजी से ट्रेंड करने लगे. भारतीय और पाकिस्तानी यूजर्स दोनों ही फिल्म को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

पाकिस्तान में #1 ट्रेंडिंग फिल्म बनने का दावा

माविया उमर फारूकी ने बाद में एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि धुरंधर: द रिवेंज पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स की नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म बन गई है. इसके बाद सोशल मीडिया पर फिल्म की लोकप्रियता को लेकर बहस और तेज हो गई.

कई यूजर्स ने फिल्म की सिनेमैटोग्राफी, एक्शन सीक्वेंस और रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने फिल्म की कहानी और राजनीतिक एंगल पर सवाल भी उठाए. बावजूद इसके, फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है.

अंडरकवर मिशन पर आधारित है कहानी

फिल्म की कहानी जस्किरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी नाम के एक अंडरकवर एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी में उसे पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में सक्रिय एक आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर भेजा जाता है.

मिशन को अंजाम देने के लिए वह अपनी पहचान बदलकर एक स्थानीय गैंग में शामिल हो जाता है. इसके बाद कहानी में कई बड़े ट्विस्ट और एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलते हैं. फिल्म में पाकिस्तान के ल्यारी इलाके और वहां के गैंग नेटवर्क को जिस तरह दिखाया गया है, उसने भी काफी चर्चा बटोरी है.

रणवीर सिंह समेत कई बड़े सितारे आए नजर

फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है. इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए हैं. उनके अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं.

फिल्म का संगीत, बैकग्राउंड स्कोर और हाई-ऑक्टेन एक्शन पहले से ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बने हुए थे. रिलीज के बाद इसकी डिजिटल व्यूअरशिप को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है.

बॉक्स ऑफिस पर भी रही थी बड़ी हिट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की पहली किस्त ने दुनियाभर में करीब 1307 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. वहीं सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर 1795 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की.

हालांकि फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन दर्शकों के बीच इसका क्रेज लगातार बना रहा. खासकर एक्शन और स्पाई-थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों ने फिल्म को काफी पसंद किया.

भारत में कब होगी ओटीटी रिलीज?

अंतरराष्ट्रीय रिलीज के बाद अब भारतीय दर्शक भी फिल्म की ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, फिल्म 4 जून 2026 को JioHotstar पर रिलीज की जाएगी.

बताया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म फिल्म की डिजिटल रिलीज को लेकर एक विशेष ऑनलाइन इवेंट की भी तैयारी कर रहा है. ऐसे में आने वाले दिनों में फिल्म को लेकर चर्चा और बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें- NEET UG 2026: कोचिंग को नंबर-1 बनाने के लिए लीक कराया पेपर, कैसे एक छात्र के लालच से हुआ खुलासा?