धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार, अस्पताल से डिस्चार्ज होकर लौटे घर; परिवार और प्रशंसकों ने ली राहत की सांस

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर उनके प्रशंसकों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है. कई दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती धर्मेंद्र को बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया. अब वह अपने घर पर हैं, जहां परिवार की देखरेख में उनका इलाज जारी रहेगा.

Dharmendra Got Discharged from hospital after getting admitted due to breathing problem
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर उनके प्रशंसकों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है. कई दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती धर्मेंद्र को बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया. अब वह अपने घर पर हैं, जहां परिवार की देखरेख में उनका इलाज जारी रहेगा.

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद धर्मेंद्र को एक पूरी तरह बंद एम्बुलेंस में उनके जुहू स्थित बंगले पर लाया गया. डिस्चार्ज से पहले उनके बेटे बॉबी देओल अस्पताल पहुंचे और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं. बताया जा रहा है कि परिवार ने डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें घर पर ही निगरानी में रखने का फैसला किया है. फिलहाल धर्मेंद्र की सेहत में निरंतर सुधार हो रहा है और डॉक्टरों ने भी उन्हें स्थिर स्थिति में बताया है.

बेटे बॉबी देओल के साथ दिखी भावनात्मक झलक

धर्मेंद्र के अस्पताल से निकलने के कुछ ही देर बाद बॉबी देओल को मीडिया ने अस्पताल के बाहर कैमरे में कैद किया. चेहरे पर हल्की मुस्कान और आंखों में राहत लिए बॉबी अपने पिता को घर लेकर गए. बीते कुछ दिनों से बॉबी और सनी देओल दोनों ही अस्पताल में लगातार मौजूद रहे थे. मंगलवार की शाम ईशा देओल और हेमा मालिनी भी धर्मेंद्र का हाल जानने पहुंची थीं. परिवार के अलावा बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे भी उन्हें देखने पहुंचे जिनमें आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी के साथ, शाहरुख खान, और सलमान खान शामिल रहे. सलमान तो अस्पताल के बाहर फैन्स की भीड़ देखकर काफी नाराज़ हो गए थे और सुरक्षा से रास्ता साफ करने की अपील की थी.

झूठी खबर से मचा था हड़कंप, हेमा मालिनी ने जताई थी नाराजगी

बीते सप्ताह सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबर वायरल हो गई थी, जिसके बाद माहौल में अफरा-तफरी मच गई थी. इस अफवाह पर धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए X (ट्विटर) पर लिखा था,यह खबर बेहद असंवेदनशील और माफी के लायक नहीं है.वहीं ईशा देओल ने भी तुरंत बयान जारी कर इन अफवाहों को झूठा और बेबुनियाद बताया था. अब धर्मेंद्र के ठीक होकर घर लौटने के बाद उनके प्रशंसकों और परिवार ने आखिरकार चैन की सांस ली है.

अस्पताल में भर्ती होने से फैन्स में बढ़ी थी चिंता

धर्मेंद्र की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी. सोमवार को अचानक उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां डॉक्टरों की टीम ने लगातार उनकी स्थिति पर नज़र रखी. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कुछ जरूरी टेस्ट्स के बाद उनकी हालत में उल्लेखनीय सुधार देखा गया, जिसके बाद बुधवार सुबह उन्हें छुट्टी देने का फैसला किया गया.

ही-मैन धर्मेंद्र के लिए दुआएं जारी

‘शोले’, ‘सीता और गीता’ और ‘धरम वीर’ जैसी कालजयी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र को उनके फैंस ने हमेशा “ही-मैन ऑफ बॉलीवुड” के रूप में देखा है. सोशल मीडिया पर अब उनके लाखों फैंस ने “गेट वेल सून धर्मेंद्र जी” के मैसेज पोस्ट करते हुए उनके जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की कामना की है.

यह भी पढ़ें: अचानक बेहोश हुए अभिनेता गोविंदा, अस्पताल में कराए गए भर्ती, जल्द जारी होगा हेल्थ अपडेट