अचानक बेहोश हुए अभिनेता गोविंदा, अस्पताल में कराए गए भर्ती, जल्द जारी होगा हेल्थ अपडेट

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा की तबीयत मंगलवार की रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. रात करीब 8:30 बजे वे अचानक बेहोश हो गए थे. परिजनों ने तुरंत डॉक्टर से संपर्क किया और प्राथमिक दवाइयां दी गईं.

Govinda Hospitalised after gets faiinted at home
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा की तबीयत मंगलवार की रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. रात करीब 8:30 बजे वे अचानक बेहोश हो गए थे. परिजनों ने तुरंत डॉक्टर से संपर्क किया और प्राथमिक दवाइयां दी गईं. शुरुआती इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन देर रात करीब 12:30 बजे उन्हें दोबारा असहजता महसूस हुई. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने कई जरूरी टेस्ट किए. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.


अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, गोविंदा इस समय डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है. परिवार के अनुसार, जल्द ही उनके हेल्थ से जुड़ा आधिकारिक अपडेट साझा किया जाएगा. गोविंदा के फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में गोविंदा खुद दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे थे. उस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें गोविंदा बेहद भावुक नजर आए थे. धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर चल रही चिंता के बीच अब गोविंदा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने उनके प्रशंसकों की बेचैनी और बढ़ा दी है.

एक साल पहले भी अस्पताल में भर्ती हुए थे गोविंदा

यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा को अचानक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा हो. करीब एक साल पहले भी उनके साथ एक गंभीर हादसा हुआ था. उस समय अभिनेता को उनकी ही लाइसेंसी पिस्टल से गोली लग गई थी. बताया गया था कि गोविंदा अपने मुंबई स्थित घर में पिस्टल रख रहे थे, तभी वह उनके हाथ से फिसल गई और गोली उनके बाएं घुटने में जा लगी. हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने सर्जरी कर गोली निकाली थी. उस घटना के बाद पुलिस ने भी उनसे पूछताछ की थी. उस वक्त कई बॉलीवुड सितारे अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने आए थे.

फैंस कर रहे हैं दुआएं, परिवार ने जताई उम्मीद

गोविंदा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस की चिंताएं बढ़ गई हैं. कई लोग ट्विटर और इंस्टाग्राम पर उनकी सलामती की दुआएं कर रहे हैं. अभिनेता के करीबी सूत्रों का कहना है कि डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति नियंत्रण में है और उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.

बॉलीवुड का ‘एंटरटेनर नंबर वन’

90 के दशक में अपनी कॉमिक टाइमिंग और डांसिंग स्टाइल से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले गोविंदा हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं. "हीरो नंबर वन", "कुली नंबर वन", "हसीना मान जाएगी" और "राजा बाबू" जैसी फिल्मों में उनकी अदाकारी ने उन्हें घर-घर में प्रसिद्ध कर दिया. आज भी उनके चाहने वालों के बीच वही करिश्मा बरकरार है. इसलिए उनकी सेहत से जुड़ी हर खबर पर फैंस की नजर बनी रहती है. सभी उम्मीद कर रहे हैं कि गोविंदा जल्द स्वस्थ होकर एक बार फिर अपनी वही मुस्कान लेकर लौटें.

यह भी पढ़ें: दिल्ली धमाके के बाद रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' का ट्रेलर लॉन्च टला, मेकर्स ने जारी किया नया बयान