October Festivals List: सितंबर का महीना अब खत्म होने वाला है और इसके बाद अक्टूबर की शुरुआत हो जाएगी. त्योहारों के लिहाज से अक्टूबर का महीना काफी खास माना जाता है. इस महीने शारदीय नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ और शरद पूर्णिमा जैसे कई बड़े त्योहार मनाए जाएंगे.
अक्टूबर और नवंबर का लोगों को पूरे साल इंतजार रहता है. इन महीनों में लगातार कई त्योहार आते हैं, जिससे घरों में पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रमों का माहौल रहता है. अक्टूबर में 9 दिनों तक चलने वाली शारदीय नवरात्रि भी शुरू होगी. इसके बाद दशहरा मनाया जाएगा. वहीं सुहागिन महिलाओं के लिए खास करवा चौथ का व्रत भी इसी महीने रखा जाएगा. आइए जानते हैं अक्टूबर 2026 में कौन-कौन से प्रमुख व्रत और त्योहार पड़ेंगे.
अक्टूबर 2026 के व्रत और त्योहार
अक्टूबर में शुरू होगी शारदीय नवरात्रि
अक्टूबर के सबसे बड़े त्योहारों में शारदीय नवरात्रि शामिल है. इस बार नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी. इस दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाएगी. नवरात्रि के बाद 20 अक्टूबर को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा. यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है.
करवा चौथ भी इसी महीने
सुहागिन महिलाओं के लिए करवा चौथ का व्रत बेहद खास होता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं. साल 2026 में करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर को रखा जाएगा.
अक्टूबर में होंगे कई ग्रह गोचर
अक्टूबर 2026 में कई बड़े ग्रहों की चाल में बदलाव देखने को मिलेगा. ज्योतिष के अनुसार, इन ग्रहों के गोचर और चाल बदलने का असर 12 राशियों पर पड़ सकता है. इसका प्रभाव करियर, कारोबार, पैसा और परिवार से जुड़े मामलों पर बताया जाता है.
1 अक्टूबर: बुध ग्रह राहु के स्वाति नक्षत्र में प्रवेश करेंगे.
3 अक्टूबर: शुक्र ग्रह वक्री चाल शुरू करेंगे.
17 अक्टूबर: सूर्य देव तुला राशि में प्रवेश करेंगे.
24 अक्टूबर: बुध ग्रह वक्री होंगे.
31 अक्टूबर: देवगुरु बृहस्पति यानी गुरु कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे.
धार्मिक और ज्योतिष के लिहाज से खास रहेगा महीना
अक्टूबर 2026 में एक तरफ कई बड़े व्रत और त्योहार पड़ेंगे, वहीं दूसरी तरफ कई ग्रहों की स्थिति में भी बदलाव होगा. ऐसे में धार्मिक और ज्योतिष दोनों नजरिए से यह महीना काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है.