जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मंगलवार, 29 सितंबर को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया. उसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मूसा के रूप में हुई है. मुठभेड़ यूसमर्ग के ऊंचाई वाले कोराग इलाके में हुई. आतंकी के मारे जाने के बाद भी इलाके में तलाशी अभियान जारी है.
सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि यूसमर्ग के कोराग इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं. इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया. इसी दौरान सुरक्षाबलों का सामना आतंकियों से हो गया और मुठभेड़ शुरू हो गई.
मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकियों को रुकने की चेतावनी दी. इसके बाद आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया. बाद में उसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी मूसा के रूप में हुई.
आसपास के इलाकों में तलाशी जारी
सेना की चिनार कॉर्प्स ने बताया कि विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर कोराग, यूसमर्ग में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया था. संदिग्ध गतिविधि मिलने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई. सुरक्षाबलों की कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया, लेकिन अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है.
OP KORAG, Yousmarg Based on specific intelligence input, a Joint Search Operation was launched by #IndianArmy, @JmuKmrPolice and @crpf_srinagar in general area Korag, Yousmarg. Vigilant troops observed suspicious activity and upon being challenged, terrorists opened fire, prompting a fierce exchange of gunfire during which One terrorist neutralised. Operation is in progress. #Kashmir @adgpi @NorthernComd_IA @PRODefSrinagar
— Chinar Corps🍁 - Indian Army (@ChinarcorpsIA) September 29, 2026
सेना ने इलाके को घेरा
मारे गए आतंकी से जुड़ी ज्यादा जानकारी सेना की ओर से अभी साझा नहीं की गई है. मुठभेड़ वाली जगह से हथियार या दूसरी सामग्री बरामद हुई है या नहीं, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है. सुरक्षाबल आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी ले रहे हैं, ताकि किसी दूसरे आतंकी के छिपे होने की संभावना को खत्म किया जा सके. गुरवेतकलां गांव में भी आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
यूसमर्ग में पहले भी हुई है मुठभेड़
यूसमर्ग इलाके में इससे पहले भी आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई हो चुकी है. इसी महीने की शुरुआत में एक ऑपरेशन में यासिर नाम के आतंकी को मार गिराया गया था. बताया गया था कि यासिर, मूसा का करीबी था. मूसा पर जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप था और सुरक्षाबलों को लंबे समय से उसकी तलाश थी. उसके मारे जाने के बाद इलाके में लश्कर के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है.