काशी में भव्यता से मनाई गई देव दिवाली, 20 लाख दीयों से जगमगाए बनारस के घाट; देखें Photos

Varanasi Dev Diwali: कार्तिक मास की पूर्णिमा पर गंगा घाटों ने अपनी अद्भुत भव्यता दिखाई, जब 20 लाख से अधिक दीयों की रोशनी ने पूरी काशी को स्वर्णिम आभा में नहला दिया. इस मौके पर ऐसा लग रहा था कि देवताओं को भी काशी के इस वैभव के सामने स्वर्ग का तेज फीका पड़ गया हो. 

Dev Diwali celebrated grandly in Kashi ghats of Banaras illuminated with 20 lakh lamps
Image Source: Social Media

Varanasi Dev Diwali: कार्तिक मास की पूर्णिमा पर गंगा घाटों ने अपनी अद्भुत भव्यता दिखाई, जब 20 लाख से अधिक दीयों की रोशनी ने पूरी काशी को स्वर्णिम आभा में नहला दिया. इस मौके पर ऐसा लग रहा था कि देवताओं को भी काशी के इस वैभव के सामने स्वर्ग का तेज फीका पड़ गया हो. 

शाम 5:30 बजे से ही घाटों पर दीयों की रोशनी जलनी शुरू हुई और देखते ही देखते अस्सी घाट से लेकर नमो घाट तक, सभी 88 घाटों, 96 कुंडों और तालाबों पर लाखों दीयों की ज्योति फैल गई. गंगा के रेतीले तट पर तीन लाख और वरुणा नदी के किनारे 50 हजार दीयों की रौशनी ने देव दिवाली को और भी खास बना दिया.

मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने की उपस्थिति

शाम को साढ़े छह बजे तक लाखों दीयों की चमक में काशी पूरे शहर को जगमगा रही थी. घाटों पर सजावट और रंग-बिरंगी झालरों ने इस दृश्य को और भी मनमोहक बना दिया. नमो घाट से अस्सी घाट तक अलग-अलग रंगों में घाटों को सजाया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के साथ क्रूज पर सवार होकर घाटों का अवलोकन कर रहे थे.

विशेष गंगा आरती का आयोजन

नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट और अस्सी घाट पर शाम छह बजे से 6:50 बजे तक विशेष गंगा आरती संपन्न हुई. नमो घाट पर पहली बार देव दिवाली पर गंगा आरती आयोजित की गई. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री उपस्थित रहे. दशाश्वमेध घाट पर आयोजित गंगा महाआरती में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.

शहीदों और महिला क्रिकेट टीम को समर्पित आरती

गंगा आरती को 21 अर्चक और 42 देव कन्याओं ने संपन्न कराया. पहलगाम में आयोजित आरती शहीदों के सम्मान में समर्पित रही. वहीं, अस्सी घाट की आरती विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को समर्पित की गई, जहां महिला टीम के सम्मान में सुंदर रंगोली भी बनाई गई. पांडेय घाट पर ‘आई लव काशी’ की थीम के साथ देव दिवाली मनाई गई.

लेजर शो और आतिशबाजी ने बढ़ाया उत्साह

चेत सिंह घाट पर तीन चरणों में प्रोजेक्शन व लेजर शो का आयोजन किया गया. पहला शो शाम 6:15 से 6:45 बजे तक, दूसरा 7:15 से 7:45 बजे तक और तीसरा शो 8:15 से 8:45 बजे तक आयोजित हुआ. इस लेजर शो में महादेव से जुड़ी पौराणिक कथाओं को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया गया. ललिता घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी ने इस भव्य उत्सव को और भी रोचक बना दिया.

करीब 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने इस बार काशी की देव दिवाली का अद्भुत आनंद लिया. दीयों की चमक और घाटों की सजावट ने शहर को एक जादुई अनुभव से भर दिया, जिसे देखने हर कोई अपनी आँखों से देखना चाहता था.

यह भी पढ़ें- कालभैरव जयंती 2025: भय, पाप और नकारात्मकता से मुक्ति दिलाने वाला महापर्व, जानिए पूजा विधि और शुभ मुहूर्त