IMD Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में मौसम बदलने और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के तेजी से विकसित होने की संभावना है. यह क्षेत्र पहले गहरा दबाव, फिर चक्रवात और अंततः गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. अनुमान है कि 28 अक्तूबर की शाम या रात को यह तूफान आंध्र प्रदेश के माचिलिपट्टनम और कलींगापट्टनम के बीच काकिनाडा के पास तट से टकरा सकता है.
तमिलनाडु में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार यह दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. 26 अक्तूबर तक यह गहरे दबाव में और 27 अक्तूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. 28 अक्तूबर की सुबह तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान तिरुवल्लूर, चेन्नई, रणिपेट, कांचीपुरम, चेंगलपट्टु और विलुपुरम जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. बिजली कड़कने और गरज चमक का भी खतरा बना रहेगा.
मछुआरों को समुद्र में जाने से रोकने की सलाह
आईएमडी ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय मछुआरों से 25 से 29 अक्तूबर के बीच समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है. तटरक्षक बल ने सभी मछुआरों और नाविकों से संपर्क स्थापित कर उन्हें निकटतम बंदरगाह पर लौटने का निर्देश दिया है. समुद्र में तेज हवाओं और ऊँचे समुद्री तरंगों के कारण खतरा बढ़ सकता है.
बंगाल में अक्टूबर अंत तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बंगाल के कई दक्षिणी जिलों में 27 अक्टूबर से हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है. दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. 28 अक्टूबर को दक्षिण 24 परगना और पूर्व मिदनापुर में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगह भारी बारिश (7-11 सेमी) की संभावना है. 29 अक्टूबर को कोलकाता, हावड़ा, नॉर्थ और साउथ 24 परगना में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है.
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में आपात तैयारी
ओडिशा सरकार ने गंभीर चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए आपात स्थिति घोषित कर दी है. रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं. गंजाम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मल्कानगिरी में 20 सेमी से अधिक बारिश की संभावना है. पुरी, खुर्दा, नयागढ़, कंधमाल, कालाहांडी और नवरंगपुर में 12-20 सेमी और अन्य जिलों में 7-11 सेमी बारिश का अनुमान है. सरकारी एजेंसियों ने राहत सामग्री तैयार रखी है और मछुआरों तथा तटीय समुदायों को सचेत किया जा रहा है.
अन्य राज्यों में भी मौसम का असर
तेलंगाना में 27-29 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. झारखंड में 28-30 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान है. प्रभावित जिलों में सिमडेगा, सेराइकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, जमताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और सिंहभूम शामिल हैं.