Navratri Traffic Plan: नवरात्र के दौरान राजधानी नई दिल्ली में मंदिरों के आसपास भीड़ काफी बढ़ जाती है. इसे देखते हुए ट्रैफिक पर दबाव भी बढ़ने लगता है. इस बार लोगों को जाम से बचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया है.
इस साल नवरात्र बृहस्पतिवार से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेंगे. इस दौरान शहर के बड़े मंदिरों में भारी भीड़ आने की उम्मीद है. खासकर कालकाजी मंदिर, छतरपुर मंदिर और झंडेवालान मंदिर के आसपास ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है. इसी वजह से इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि ट्रैफिक सही तरीके से चलता रहे और लोगों को परेशानी न हो.
ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी
एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, मंदिरों के आसपास आने वाले रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर गाड़ियों को दूसरे रास्तों पर भेजा जाएगा. खासकर कालकाजी मंदिर के पास मथुरा रोड और रिंग रोड पर ज्यादा भीड़ होने की संभावना है, इसलिए यहां विशेष व्यवस्था की जा रही है.
कई जगह लगाए जाएंगे चेकिंग प्वाइंट
मथुरा रोड, आउटर रिंग रोड, अरविंदो मार्ग और महरौली-गुरुग्राम रोड जैसे बड़े रास्तों पर पुलिस की नजर और कड़ी रहेगी. कई जगह पिकेट और चेकिंग प्वाइंट लगाए जाएंगे, जहां ट्रैफिक कंट्रोल किया जाएगा. नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी होगी.
जुलूस से बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव
नवरात्र के दौरान कई धार्मिक जुलूस भी निकलते हैं. ये जुलूस गाजियाबाद और नोएडा से दिल्ली में आते हैं और अलग-अलग रास्तों से मंदिरों तक पहुंचते हैं. इस वजह से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 जैसे रास्तों पर ट्रैफिक ज्यादा बढ़ सकता है.
तेज आवाज और लापरवाही पर सख्ती
पुलिस ने साफ कहा है कि तेज आवाज में गाने बजाने वाले और लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सुप्रीम कोर्ट और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुसार रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने पर रोक है. अगर कोई इसका उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी.
लोगों के लिए जरूरी सलाह
नवरात्र के दौरान अगर आप मंदिर जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले से ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें. कोशिश करें कि भीड़ वाले समय से बचें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. इससे आपको जाम से भी राहत मिलेगी और यात्रा आसान होगी.
ये भी पढ़ें- बच्चा गोद लेने वाली मां को 12 सप्ताह का मातृत्व अवकाश, सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं के हक में सुनाया फैसला