Delhi Weather Update: दिल्ली में येलो अलर्ट... रद्द हुईं 21 फ्लाइट, पढ़ें आज के मौसम का हाल

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी ने गुरुवार को अपना तीखा असर दिखाया. 18 दिसंबर को इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को दिनभर ठिठुरन महसूस हुई.

Delhi Weather Update yellow alert on 19 december
Image Source: ANI

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी ने गुरुवार को अपना तीखा असर दिखाया. 18 दिसंबर को इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को दिनभर ठिठुरन महसूस हुई. मौसम में गिरते तापमान के साथ-साथ घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण भी राजधानी के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया.


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.1 डिग्री कम रहा. यह इस मौसम में दिसंबर का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है. आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले 4 दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस और नवंबर में 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.  पिछले साल दिसंबर में न्यूनतम अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. वहीं, बीते वर्षों पर नजर डालें तो 31 दिसंबर 2023 को 15.9 डिग्री, 26 दिसंबर 2022 को 15.6 डिग्री और 26 दिसंबर 2021 को 18 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था. गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 0.9 डिग्री अधिक है.

19 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट, घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने शुक्रवार, 19 दिसंबर के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. चेतावनी के अनुसार, सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह आसमान में आंशिक बादल रहेंगे, कई जगहों पर मध्यम तो कुछ स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है. शाम और रात के समय धुंध या हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है. इसके साथ ही सतही हवाओं की रफ्तार धीमी रहने का अनुमान जताया गया है.

कोहरे से हवाई यातायात प्रभावित, 27 उड़ानें रद्द

घने कोहरे और कम दृश्यता का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखा. गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट से विभिन्न एयरलाइनों की 27 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई अन्य उड़ानें देरी से संचालित हुईं. एक अधिकारी के अनुसार, दृश्यता में कमी के चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता, AQI पहुंचा 373

दिल्ली में धुंध की मोटी परत छाए रहने से वायु गुणवत्ता और बिगड़ गई. गुरुवार को 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 373 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. एक दिन पहले यह स्तर 334 था.केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के मुताबिक, शहर के 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 15 केंद्रों पर स्थिति ‘गंभीर’ रही. आनंद विहार में AQI सबसे ज्यादा 441 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर-प्लस’ श्रेणी में है. वहीं, 24 केंद्रों पर हवा ‘अत्यंत खराब’ स्तर पर रही.

‘नो PUC, नो फ्यूल’ अभियान तेज, हजारों वाहनों पर कार्रवाई

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली सरकार की सख्ती जारी है. ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ अभियान के तहत बीते 24 घंटों में 3700 से अधिक वाहनों का चालान काटा गया. इसके अलावा करीब 570 वाहनों को दिल्ली की सीमाओं से वापस लौटा दिया गया.दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने अभियान के पहले दिन राजधानी में प्रवेश करने वाले प्रमुख स्थानों पर लगभग 5000 वाहनों की जांच की. इनमें से 3746 वाहनों पर पीयूसी प्रमाणपत्र न होने के कारण कार्रवाई की गई.

यह भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट केस में NIA का बड़ा एक्शन, हत्थे चढ़ा कश्मीर का यासीर अहमद, जानें उसकी कारिस्तानी