दिल्ली-नोएडा में झमाझम बारिश से सुहावना हुआ मौसम, विभाग ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही आसमान का मिज़ाज बदला हुआ है. काले बादलों ने सूरज की रोशनी को ढक दिया है और कई इलाकों में दिन के उजाले में भी रात जैसी स्याही छा गई.

Delhi Weather Update red alert in many states
Image Source: ANI

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही आसमान का मिज़ाज बदला हुआ है. काले बादलों ने सूरज की रोशनी को ढक दिया है और कई इलाकों में दिन के उजाले में भी रात जैसी स्याही छा गई. सुबह से जारी बारिश ने राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों को भिगो दिया है, जबकि मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली को छोड़कर बाकी हिस्सों में रेड अलर्ट प्रभावी है.

नोएडा और गाजियाबाद में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं. गुरुग्राम में तो सुबह 5 बजे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे सड़कों पर पानी भर गया है. 

जलमग्न हुए कई इलाके

सेक्टर 9 और सेक्टर 10 जैसे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2-3 घंटों में दिल्ली और एनसीआर के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है.

कई राज्यो में तेज बारिश का अनुमान 

दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, बल्कि हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले तीन घंटों के भीतर मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है. लगातार हो रही बरसात से ट्रैफिक जाम की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं.

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से स्थिति खराब


इस बीच, हिमाचल प्रदेश से बादल फटने की चिंताजनक खबरें आई हैं. कुल्लू, शिमला, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं. कुल्लू में कई घर, दुकानें और वाहन बारिश के मलबे में बह गए. शिमला के रामपुर क्षेत्र में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊपरी इलाकों में भारी नुकसान की खबर है. राहत एवं बचाव के लिए SDRF और स्थानीय प्रशासन मौके पर तैनात है और प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है.

यह भी पढ़ें: भारत में 1.53 करोड़ आवारा कुत्ते, एक साल में होगा 70% का वैक्सीनेशन व नसबंदी, राज्यों को एडवाइजरी जारी