Weather Update: राजधानी दिल्ली एक बार फिर जहरीली हवा की चपेट में है. रविवार की सुबह जैसे ही शहर जागा, हवा की गुणवत्ता से जुड़ी रिपोर्ट ने चिंता और बढ़ा दी. तड़के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा रिकॉर्ड किया गया AQI 551 पर पहुंच चुका था.जो हवा की ‘Hazardous’ यानी अत्यंत खतरनाक श्रेणी में आता है.
राजधानी में सांस लेना शुरुआती घंटों से ही मुश्किल हो गया है, क्योंकि हवा में PM2.5 और PM10 जैसी महीन कणों की मात्रा खतरनाक स्तर से भी ऊपर पहुंच चुकी है.धीमी हवा की रफ्तार प्रदूषण को ऊपर उठने नहीं दे रही और यह स्थिति फेफड़ों पर भारी बोझ डाल रही है. विशेषज्ञ तो यहां तक कह रहे हैं कि रविवार की हवा में सांस लेना लगभग 12 सिगरेट पीने के बराबर नुकसान कर सकता है.
तेज गिरावट के साथ ठंड ने भी बढ़ाई मुश्किल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जो रविवार तक 11 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.सुबह और शाम शहर घने धुंध और कोहरे की वजह से ढका रहेगा, जिससे दृश्यता कम होगी और सड़क परिवहन पर भी असर पड़ेगा.कम तापमान और स्थिर हवा का संगम इस समय प्रदूषण को और ज्यादा खतरनाक बना रहा है.
AQI में लगातार गिरावट, PM10 और PM2.5 पहुंचा गंभीर स्तर पर
दिल्ली का औसत AQI पिछले 24 घंटों में 386 था, जो पहले ही ‘सीवियर’ कैटेगरी में दर्ज किया गया था. लेकिन रविवार की सुबह यह बढ़कर सीधे 551 तक पहुंच गया.PM2.5 का स्तर 351 और PM10 का स्तर 466 दर्ज किया गया, जिसका मतलब है कि हवा में मौजूद धूल और जहरीले कण मानक स्तर से कई गुना ऊपर हैं.वजीरपुर, बवाना, मुंडका, आनंद विहार और रोहिणी जैसे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब है और AQI 400 से ऊपर बना हुआ है.पिछले दिनों 11 नवंबर को AQI 428 तक पहुंच गया था, जो इस साल 2025 का पहला ‘सीवियर डे’ माना गया.नवंबर में औसत AQI लगभग 150 रहा है—पिछले वर्षों की तुलना में 8.3% सुधरा जरूर है, लेकिन अभी भी सुरक्षित मानकों से बहुत दूर है.
ठंड, कोहरा और धीमी हवा: प्रदूषण को बढ़ा रहे कारण
रविवार सुबह दिल्ली कोहरे की मोटी चादर से ढकी रहेगी. वायुमंडल में नमी बढ़ने और हवा की रफ्तार सिर्फ 5–6 किमी प्रति घंटा रहने से प्रदूषण साफ होने का कोई संकेत नहीं है.मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले तीन से चार दिन तक यही स्थिति बनी रह सकती है.पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में बादल और कोहरा बढ़ रहा है. इसका असर दिल्ली में भी दिख रहा है, जहां सूरज की रोशनी कमजोर और मौसम अधिक ठंडा बना हुआ है.
GRAP-3 लागू, फिर भी हवा नहीं सुधरी
दिल्ली में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP-3 अभी भी लागू है. इसके तहत कई सख्त कदम उठाए गए हैं, लेकिन हवा की खराब स्थिति में फिलहाल कोई खास सुधार नहीं हो पाया है.ऐसे में यह नियम अगले कुछ दिनों तक और लागू रह सकते हैं.दिल्ली सरकार ने भी नागरिकों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है, ताकि वायु प्रदूषण में कुछ कमी लाई जा सके.
यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: सर्दी के साथ सेहत पर असर! दिल्ली की हवा फिर हुई जहरीली; जानें कितना रहा AQI