Delhi Weather Update: दिल्ली में मंगलवार की सुबह लोगों ने आंखें खोलीं तो सबसे पहले सामने था धुएं और धुंध का घना पर्दा. हवा इतनी भारी और धूसर थी कि कुछ मीटर आगे तक देखना मुश्किल हो गया. पिछले एक महीने से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में अटकी दिल्ली की हवा अब सीधे ‘खतरनाक’ स्थिति में पहुंच चुकी है.सुबह 6:05 बजे रिकॉर्ड हुआ AQI 461 राजधानी के लिए एक बार फिर अलार्म बजा रहा है.
राजधानी के कई हिस्सों में प्रदूषण इतना बढ़ गया कि सामान्य जीवन असहनीय लगने लगा.17 नवंबर की सुबह जहां दिल्ली का औसत AQI 477 था, वहीं शाम तक यह 548 पर पहुंच गया. अलीपुर, आनंद लोक और ग्रेटर कैलाश जैसे इलाकों में AQI लगातार 580 के ऊपर बना रहा.सबसे चिंता की बात यह रही कि पीजीडीएवी कॉलेज इलाके में AQI 701 दर्ज किया गया, जो ‘सीवियर प्लस’ श्रेणी है. ऐसी स्थिति जिसमें हवा सीधे स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाने लगती है.आनंद विहार और शाहदरा में भी 608 के बेहद गंभीर स्तर दर्ज किए गए.यह आंकड़े साफ बताते हैं कि दिल्ली की हवा अब केवल खराब नहीं, बल्कि विषैली हो चुकी है.
दिल्ली में लागू हुआ GRAP-4, शुरू हुई सख्त पाबंदियाँ
लगातार बिगड़ती हवा को देखते हुए CAQM और CPCB ने GRAP-4 यानी ग्रैप का सबसे कड़ा चरण लागू करने का फैसला लिया है.इसके साथ ही दिल्ली में कई कड़े कदम तुरंत लागू हो गए हैं.सभी तरह के निर्माण और विध्वंस कार्यों पर रोक लगा दी गई है. दिल्ली में ट्रकों की एंट्री लगभग बंद है और भारी डीज़ल वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी.बड़े उद्योगों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सड़कों की मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव तेज किया जा रहा है.इन सभी उपायों का लक्ष्य हवा में फैले प्रदूषक कणों को जल्द से जल्द कम करना है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि हवा की गति धीमी रहने तक राहत मिलना मुश्किल है.
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में जहरीली धुंध की एक परत छाई हुई है, AQI 'बेहद खराब' श्रेणी में है। वीडियो आनंद विहार से है। pic.twitter.com/y5k5cBXIh4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 18, 2025
मौसम बढ़ा रहा मुसीबत, हवा की मंद रफ्तार ने बिगाड़ा संतुलन
दिल्ली का मौसम भी प्रदूषण को और गंभीर बना रहा है. ठंडी सुबह और जमीन के पास जमी ठंडी परतों के बीच हवा की रफ्तार बेहद कम हो गई है.मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री रहा, जो स्मॉग को नीचे ही जकड़कर रखता है.हवा के न बहने से प्रदूषण फैल नहीं पाता, और यही वजह है कि स्मॉग की मोटी चादर लगातार भारी हो रही है.
बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ, डॉक्टरों की चेतावनी
जहरीली हवा ने दिल्लीवासियों पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है.लोगों में आंखों में जलन, गले में खराश, भारी सांस, सीने में जकड़न और लगातार खांसी जैसे लक्षण बढ़ रहे हैं.डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यह स्थिति बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों वाले लोगों के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है.विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग जितना हो सके घर के भीतर रहें और ज़रूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में हमास की तरह हमले की प्लानिंग, ड्रोन और रॉकेट से करना था अटैक... NIA की जांच में खुलासा