कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली! विजिबिलिटी हुई कम; AAI ने जारी की एडवाइजरी

Delhi Weather Update: सर्दी की दस्तक के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में हालात एक बार फिर बिगड़ते नजर आए. रविवार, 21 दिसंबर की सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा और जहरीली धुंध छाई रही.

Delhi Weather Update aqi reaches severe visibility aai issued advisory
Image Source: Social Media

Delhi Weather Update: सर्दी की दस्तक के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में हालात एक बार फिर बिगड़ते नजर आए. रविवार, 21 दिसंबर की सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा और जहरीली धुंध छाई रही, जिससे न केवल आम जनजीवन प्रभावित हुआ बल्कि हवा की गुणवत्ता भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रियल-टाइम आंकड़ों के मुताबिक, कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘अत्यंत खराब’ से लेकर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया.

राजधानी के प्रमुख इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा. इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर अधिकतम AQI 381 रिकॉर्ड किया गया, जबकि आनंद विहार और गाजीपुर जैसे इलाकों में यह आंकड़ा 438 तक पहुंच गया. वहीं, रविवार सुबह आईटीओ क्षेत्र में AQI 405 दर्ज किया गया. AQI के मानकों के अनुसार, 401 से 500 के बीच का स्तर ‘गंभीर’ माना जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होता है.

धुंध ने छीनी सड़कों की दृश्यता

इंडिया गेट, आईटीओ और गाजीपुर से सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घनी धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी. कर्तव्य पथ समेत कई मुख्य सड़कों पर धुंध की मोटी परत छाई रही, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालात की गंभीरता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में GRAP स्टेज-IV के तहत सभी कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं.

कोहरे का असर, उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित

घने कोहरे का सीधा असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को कई फ्लाइट्स और ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने बताया कि हवाएं कोहरे और धुंध की परत को हटाने में नाकाम रहीं, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. उन्होंने दिसंबर 2019 का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी इसी तरह के हालात बने थे.

एयरपोर्ट्स पर जारी की गई एडवाइजरी

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सहित देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर कोहरे और धुंध की वजह से उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं. IGI एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि उड़ानों का संचालन फिलहाल सामान्य है, लेकिन यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क जरूर करना चाहिए.

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की चेतावनी

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने भी बयान जारी कर बताया कि उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो रही है, जिसके चलते चुनिंदा एयरपोर्ट्स पर उड़ानों में देरी या बदलाव संभव हैं. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक माध्यमों से अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लें और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखें. AAI ने प्रभावित हवाई अड्डों पर यात्रियों की सहायता के लिए विशेष टीमें और हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय किए हैं.

बीते दिनों में सैकड़ों उड़ानें रद्द

विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में कोहरे का यह दौर लंबे समय तक चल सकता है. हाल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 17 दिसंबर को 800 से अधिक उड़ानें देरी का शिकार हुईं और करीब 200 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं. वहीं, शुक्रवार को 700 से ज्यादा उड़ानें लेट रहीं और 177 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं, जिनमें चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं. जानकारों ने चेतावनी दी है कि सर्दियों में घना कोहरा और प्रदूषण मिलकर आने वाले दिनों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है.

यह भी पढ़ें: भीषण ठंड और कोहरे में पैक हुई दिल्ली, कैसा रहेगा आज का मौसम का हाल? पढ़ें UPDATE