भीषण ठंड और कोहरे में पैक हुई दिल्ली, कैसा रहेगा आज का मौसम का हाल? पढ़ें UPDATE

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी अपने पूरे तेवर दिखा रही है. कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है. राजधानी और आसपास के इलाकों में आज भी सुबह और शाम के वक्त कोहरा व धुंध छाए रहने की संभावना है.

Delhi Weather Update severe fog know today aqi update
Image Source: Social Media

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी अपने पूरे तेवर दिखा रही है. कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है. राजधानी और आसपास के इलाकों में आज भी सुबह और शाम के वक्त कोहरा व धुंध छाए रहने की संभावना है. शीतलहर के कारण ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है, वहीं कम विजिबिलिटी की वजह से सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है.


मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिनभर हल्की धुंध बनी रह सकती है. सुबह और रात के समय कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जिससे विजिबिलिटी कम होने की आशंका है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है. सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा सकती हैं.

एनसीआर में भी ठंड का असर

एनसीआर के अन्य इलाकों में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं. गुरुग्राम में सुबह और शाम को ठंड ज्यादा महसूस होगी और कोहरे का असर बना रहेगा. दिन में हल्की धूप निकल सकती है. यहां न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. नोएडा में भी सुबह घना कोहरा और शीतलहर परेशान कर सकती है. दिन में मौसम धुंधला बना रहेगा. यहां न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है.

खराब से गंभीर स्तर पर AQI

मौसम के साथ-साथ प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है. आज दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के बहुत खराब से गंभीर श्रेणी में बने रहने का अनुमान है. पिछले कई दिनों से राजधानी, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक बना हुआ है.

अगले दो दिन और बिगड़ सकता है हाल

एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (AQEWS) के अनुसार, प्रतिकूल मौसम स्थितियों के कारण आने वाले दो दिनों में प्रदूषण और बढ़ सकता है. रविवार और सोमवार को AQI के गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका जताई गई है. शनिवार को भी कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही. उस दिन दिल्ली का AQI 384 दर्ज किया गया, जो गंभीर स्तर के बेहद करीब माना जाता है.

प्रदूषण पर लगाम के लिए सख्ती

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. गुरुवार से राजधानी में बीएस-6 मानक से नीचे वाले बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नीति लागू की गई है, जिसके तहत जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिलेगा.

कोहरे से हवाई यातायात प्रभावित

घने कोहरे का असर हवाई सफर पर भी साफ दिखाई दिया. दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को खराब मौसम के चलते करीब 177 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 500 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि वह मौसम विभाग के साथ मिलकर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जरूरी फैसले लिए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: दिल्ली वालों के लिए गुड न्यूज़, माफ हो सकते हैं सभी ट्रैफिक चालान, सरकार ला रही एमनेस्टी स्कीम