Weather Update: अभी पीछा नहीं छोड़ेगी शीतलहर, मौसम विभाग ने जारी किया ये अपडेट

Weather Update: नए साल की शुरुआत राजधानी दिल्ली के लिए कड़ाके की ठंड के साथ हुई है और फिलहाल लोगों को इससे राहत मिलती नहीं दिख रही. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है.

Delhi Weather update aqi cold wave conditions
Image Source: ANI

Weather Update: नए साल की शुरुआत राजधानी दिल्ली के लिए कड़ाके की ठंड के साथ हुई है और फिलहाल लोगों को इससे राहत मिलती नहीं दिख रही. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है. खासकर सुबह और रात के समय ठंड और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 2 से 5 जनवरी के बीच दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जैसी परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है.

तापमान में गिरावट, शीतलहर की स्थिति बरकरार

मौसम विभाग का कहना है कि जब न्यूनतम तापमान 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचता है, तब शीतलहर की घोषणा की जाती है. नए साल के पहले दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा. आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.

6 जनवरी तक घना और बेहद घना कोहरा छाने का अनुमान

दिल्ली में 6 जनवरी तक कई इलाकों में सुबह और देर रात गहरे से बहुत गहरे कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. 1 जनवरी को राजधानी के कई हिस्सों में दृश्यता काफी कम रही. सफदरजंग क्षेत्र में 31 दिसंबर की रात 10:30 बजे से लेकर 1 जनवरी की सुबह 8:30 बजे तक विजिबिलिटी घटकर 500 मीटर तक पहुंच गई थी. सुबह 9 बजे के बाद इसमें थोड़ा सुधार देखा गया और दृश्यता 600 मीटर तक पहुंची.पालम इलाके में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे, जहां रात 9:30 बजे से सुबह 8 बजे तक दृश्यता 500 मीटर रिकॉर्ड की गई, जो बाद में बढ़कर 600 मीटर हो गई.

हल्की बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड

गुरुवार सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिली, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया. पूरे दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जिससे धूप निकलने में कमी रही और ठंड बनी रही.

2 जनवरी को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

शुक्रवार, 2 जनवरी को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की धुंध बनी रहेगी. सुबह के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है.अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

पश्चिमी विक्षोभ बना ठंड की वजह

मौसम के मौजूदा मिजाज पर बात करते हुए IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई है. इसी सिस्टम के कारण दिल्ली-NCR में भी बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई और ठंड का असर बढ़ गया.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में येलो अलर्ट, नए साल पर बदला मौसम का मिजाज; पढ़ें AQI अपडेट