दिल्ली में सर्दी और प्रदूषण का डबल अटैक, AQI 400 के पार; मौसम विभाग ने दी शीतलहर की चेतावनी

Delhi Weather Update: दिल्ली की सर्दी ने अब पूरी तरह दस्तक दे दी है. नवंबर के दूसरे हफ्ते में राजधानी में तापमान लगातार गिरता जा रहा है. सुबह-शाम की ठिठुरन के बीच अब प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

Delhi Weather Update Air quality indexed 400 crossed
Image Source: Social Media

Delhi Weather Update: दिल्ली की सर्दी ने अब पूरी तरह दस्तक दे दी है. नवंबर के दूसरे हफ्ते में राजधानी में तापमान लगातार गिरता जा रहा है. सुबह-शाम की ठिठुरन के बीच अब प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है, जो "गंभीर" (Severe) श्रेणी में आता है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी और हवा में सुधार की संभावना फिलहाल कम है.


राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रही. बवाना का AQI 462 और वजीरपुर का 460 दर्ज किया गया, जो “रेड जोन” में आता है. यही नहीं, आनंद विहार (442), अशोक विहार (435), आया नगर (426), चांदनी चौक (412), मथुरा रोड (447) और पंजाबी बाग (451) जैसे इलाके भी प्रदूषण की गिरफ्त में हैं. कुल मिलाकर दिल्ली के 35 से अधिक इलाकों में AQI 400 के पार चला गया है. आईटीओ, द्वारका सेक्टर-8, करणी सिंह शूटिंग रेंज और जहांगीरपुरी जैसे प्रमुख इलाकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है. इससे लोगों की आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं.

ठंड ने बढ़ाई राजधानी की परेशानी

दिल्ली का अधिकतम तापमान आज लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है. हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी बनी हुई है, जिससे ठंडी हवाएं पंजाब और हरियाणा की ओर से राजधानी में आ रही हैं.

NCR की स्थिति भी चिंताजनक

दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद की हवा भी बेहद खराब है. सुबह 6 बजे नोएडा का AQI 413, गुरुग्राम का 331 और गाजियाबाद का 386 दर्ज किया गया. ये आंकड़े "बहुत खराब" श्रेणी में आते हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, अभी हवा में सुधार की संभावना नहीं है क्योंकि ठंडी और स्थिर हवाएं प्रदूषक कणों को फैलने नहीं दे रहीं.

पहाड़ों में बढ़ी ठंड, मैदानों तक पहुंचेगी ठिठुरन

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में 14 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने वाला है. दिन में धूप राहत दे रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ जाती है. हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों—कांगड़ा, मंडी, सोलन और हमीरपुर—में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है.ठंडी हवाएं अब मैदानों की ओर रुख कर रही हैं. इसी के चलते दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 से 12 नवंबर के बीच शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है.

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में भी गिरेगा पारा

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 11 से 12 नवंबर के बीच ठंडी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 11 से 14 नवंबर के बीच पारा गिर सकता है. वहीं झारखंड और ओडिशा में 12 नवंबर को शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है.

दक्षिण भारत में बारिश की आहट

जहां उत्तर भारत ठंड से कांपने लगा है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है.केरल, माहे और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है.तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बिजली गिरने के आसार हैं.तेलंगाना में तापमान में अगले दो से तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.महाराष्ट्र और गुजरात में हालांकि तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन हल्की ठंडक का असर बना रहेगा.

दिल्लीवासियों के लिए स्वास्थ्य अलर्ट

दिल्ली की हवा में बढ़ते प्रदूषण के चलते डॉक्टरों ने लोगों को बाहर कम निकलने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह और शाम के समय जब प्रदूषण स्तर सबसे ज्यादा होता है, तब बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर रहना चाहिए. मास्क पहनना, घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल और पर्याप्त पानी पीना स्वास्थ्य की दृष्टि से जरूरी बताया गया है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट का पुलवामा कनेक्शन आया सामने, कई बार बेची गई थी कार, पुराने मालिक को हिरासत में लिया