दिल्ली ब्लास्ट का पुलवामा कनेक्शन आया सामने, कई बार बेची गई थी कार, पुराने मालिक को हिरासत में लिया

राजधानी दिल्ली सोमवार शाम हुए कार धमाके से दहल उठी. यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर हुआ.

Pulwama connection of Delhi blast Car owner in custody
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Delhi Car Blast: राजधानी दिल्ली सोमवार शाम हुए कार धमाके से दहल उठी. यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर हुआ. बताया जा रहा है कि विस्फोट एक हुंडई i20 कार में हुआ था. हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ घायल भी हुए हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:50 बजे ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक कार में अचानक जोरदार धमाका हुआ. धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ भी इसकी चपेट में आ गईं. आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई. तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँचीं.

पुलवामा कनेक्शन की जांच

जांच में सामने आया है कि जिस i20 कार में धमाका हुआ, उसे कुछ समय पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी तारिक नाम के व्यक्ति को बेचा गया था. सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं इस वाहन का इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश में तो नहीं किया गया.

कार के मालिक और फर्जी कागज़ात

कार के पुराने मालिक का नाम सलमान बताया जा रहा है. उसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह कार हरियाणा के अंबाला में देवेंद्र नाम के व्यक्ति से खरीदी गई थी और इसके कागजात में फर्जीवाड़े की आशंका है. पुलिस अब आरटीओ रिकॉर्ड खंगालकर असली मालिक की पहचान कर रही है.

सरकार और एजेंसियों की कार्रवाई

विस्फोट की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, एनआईए और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया है. अमित शाह ने बताया कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नकारा नहीं जा सकता.

गृह मंत्रालय ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाने की घोषणा की है, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.

दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट

धमाके के बाद सीआईएसएफ ने दिल्ली-एनसीआर के सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को हाई अलर्ट पर रखा है. लाल किला, दिल्ली मेट्रो, संसद भवन, सरकारी दफ्तरों और आईजीआई एयरपोर्ट की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. सुरक्षाबलों को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और हर वाहन की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- Bihar Assembly Elections 2025: बिहार चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग आज, 132 सीटों पर 1,302 उम्मीदवारों का भाग्य होगा तय