हल्की बारिश के आसार...बढ़ेगी ठंड! पढ़ें दिल्ली के आज का मौसम का हाल

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट महसूस की जा रही है. रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Delhi Weather on during third day chhath puja rainfall predicted know update
Image Source: ANI

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट महसूस की जा रही है. रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार आज यानी सोमवार से दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में और गिरावट आएगी और सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी. वहीं, बारिश से प्रदूषण के स्तर में भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज दिल्ली में आसमान अधिकतर समय बादलों से घिरा रहेगा. सुबह के वक्त हल्की धुंध या कोहरा भी दिखाई दे सकता है. शाम या रात के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी संभव है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. आज अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

सुबह की ठंड और दिन की धूप का संगम

रविवार को सुबह हल्की ठंड के बाद दिन में तेज धूप निकली, जिससे मौसम सुहावना बना रहा. इस दौरान हवाओं की रफ्तार लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई. रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा. आज भी इसी तरह की स्थिति रहने का अनुमान है.

दिल्ली का एक्यूआई अभी भी बेहद खराब श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 315 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है. इस दौरान दिल्ली के 26 इलाकों में एक्यूआई रेड जोन में रहा. आनंद विहार में सबसे अधिक 431, बवाना में 401, नोएडा में 331, गाजियाबाद में 321, ग्रेटर नोएडा में 288, गुरुग्राम में 244 और फरीदाबाद में 198 दर्ज किया गया. बारिश होने पर हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.

ठंड की आहट और राहत की उम्मीद

दिल्ली में अब सर्दियों की दस्तक साफ महसूस होने लगी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है. बारिश से जहां ठंड का असर बढ़ेगा, वहीं प्रदूषण में कमी की संभावना भी रहेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले हफ्ते में दिल्ली की सुबहें और ज्यादा सर्द और कोहरे वाली हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में छठ पर्व की धूम की तैयारी, 1300 से अधिक घाटों पर होगा ऐतिहासिक आयोजन