कांवड़ यात्रा-2026 को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूर्वी दिल्ली और उससे जुड़े इलाकों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के दिल्ली से गुजरने की संभावना है.
इसे देखते हुए ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कई अहम इंतजाम किए गए हैं.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई से 12 अगस्त तक जीटी रोड (अपसरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज), वजीराबाद रोड (भोपुरा बॉर्डर से सिग्नेचर ब्रिज), विकास मार्ग, आशाराम त्यागी मार्ग (रोड नंबर-66), पुश्ता रोड और लोनी रोड पर भारी मालवाहक वाहनों (सिटी बसों को छोड़कर) के प्रवेश पर रोक रहेगी. इन वाहनों को एनएच-9 और एनएच-44 जैसे वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा.
जीटी रोड आम वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा
सबसे बड़ा बदलाव 9 अगस्त से लागू होगा. 9 अगस्त सुबह 7 बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक अपसरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक जीटी रोड आम वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा. इस दौरान सिर्फ कांवड़ यात्रियों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रियों और कांवड़ वाहनों की दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें, जहां संभव हो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें. साथ ही ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों और डायवर्जन का पालन करें.