संसद के मानसून सत्र से पहले दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों पर जाने से बचें

Delhi Traffic Advisories: 20 जुलाई 2026 से संसद का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है. इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी.

Delhi traffic advisory issued ahead of Parliament Monsoon Session avoid these routes
Image Source: ANI/ File


Delhi Traffic Advisories: 20 जुलाई 2026 से संसद का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है. इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी. 

इसके अलावा वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट भी बढ़ेगा, जिससे कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा रहने की संभावना है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और जहां तक संभव हो, भीड़ वाले रास्तों से बचें.

इन सड़कों पर रहेगा सबसे ज्यादा ट्रैफिक

संसद सत्र के दौरान इन सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव सबसे ज्यादा रहने की संभावना है.

  • रफी मार्ग
  • मोतीलाल नेहरू मार्ग
  • मौलाना आजाद रोड
  • के. कामराज मार्ग
  • रायसीना रोड
  • राजेंद्र प्रसाद रोड
  • पार्लियामेंट स्ट्रीट
  • अशोका रोड
  • तालकटोरा रोड
  • पंडित पंत मार्ग
  • रकाबगंज गुरुद्वारा रोड

सुरक्षा कारणों से इन मार्गों पर समय-समय पर ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है.

इन चौराहों पर भी हो सकती है परेशानी

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कई बड़े चौराहों और राउंडअबाउट पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रह सकती है. इनमें विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन राउंडअबाउट, सुनहरी मस्जिद राउंडअबाउट, पटेल चौक, बूटा सिंह राउंडअबाउट, प्राइम चौक, जीआरजी राउंडअबाउट और जलेबी चौक शामिल हैं. अगर आपका रोजाना इन रास्तों से आना-जाना होता है, तो थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर निकलें.

ये वैकल्पिक रास्ते इस्तेमाल कर सकते हैं

भीड़ से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं. इनमें जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, आरएमएल राउंडअबाउट, मदर टेरेसा क्रेसेंट, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग शामिल हैं.

कभी भी बदल सकती है ट्रैफिक व्यवस्था

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि सुरक्षा को देखते हुए किसी भी समय ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर कुछ रास्तों पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोका या दूसरे मार्ग पर भेजा जा सकता है. इसलिए वाहन चालक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और जल्दबाजी से बचें.

मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का करें इस्तेमाल

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर संभव हो तो संसद सत्र के दौरान दिल्ली मेट्रो या दूसरे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रा आसान रहेगी.

ट्रैफिक अपडेट पर रखें नजर

घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा स्थिति जरूर देख लें. किसी भी ट्रैफिक अपडेट या मदद के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन का इस्तेमाल किया जा सकता है. संसद के मानसून सत्र के दौरान बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेंगे. ऐसे में लोगों से सहयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है.

ये भी पढ़ें- 'जहां झुग्गी, वहीं मकान' योजना पर काम तेज, दिल्ली के हजारों परिवारों को मिलेगा पक्का घर, जानें पूरा मामला