दिल्ली की शाम आमतौर पर शोर, ट्रैफिक और भीड़ से भरी रहती है, लेकिन इस सोमवार की शाम राजधानी का दिल कहे जाने वाला इलाका लाल किला अचानक एक भयावह हादसे से कांप उठा. चंद सेकंड में गूंजे धमाके ने न सिर्फ आसपास के इलाकों को हिला दिया, बल्कि पूरे शहर को दहशत में डाल दिया. घटना के बाद देखते ही देखते सोशल मीडिया पर #RedFortBlast और #OperationSindoor2.O जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास अचानक एक तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ. धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट के बाद कुछ देर तक धुएं का गुबार आसमान में दिखाई दिया.रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहे.
यूट्यूबर के कैमरे में कैद हुआ धमाका
इस घटना की एक और हैरान करने वाली बात यह रही कि धमाके का पूरा दृश्य एक यूट्यूबर के कैमरे में लाइव रिकॉर्ड हो गया. बताया जा रहा है कि वह लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे लोगों से इंटरव्यू कर रहा था, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज आई और कैमरा हिल गया. कुछ ही सेकंड में लोग चीखते-भागते नजर आए.यह वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. लाखों लोगों ने इसे देखा और शेयर किया. कई यूजर्स ने इसे “दिल दहला देने वाला” और “फिल्म जैसा सीन” बताया. कुछ ने सवाल उठाया कि आखिर राजधानी जैसी हाई-सिक्योरिटी जोन में इतना बड़ा धमाका कैसे हो गया.
#DelhiBlast | This footage captures the exact moment the blast occurred
— Ashwini Shrivastava (@AshwiniSahaya) November 10, 2025
Even vehicles 100–150 meters away suffered major damage, their strong body panels were torn apart, and windows shattered, showing the immense intensity of the explosion.
At least 8 people have died & over… pic.twitter.com/DfCAWpCMsE
सोशल मीडिया पर उमड़ा गुस्सा और चिंता
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, ट्विटर (अब X), इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लोगों के रिएक्शन की बाढ़ आ गई. कई लोगों ने सरकार से कड़ी कार्रवाई और सख्त जांच की मांग की. वहीं, कुछ लोगों ने पीड़ित परिवारों के लिए शोक और संवेदना व्यक्त की.#OperationSindoor2.O हैशटैग के साथ कई यूजर्स ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जांच एजेंसियों से पारदर्शिता की मांग की.
प्रशासन और जांच एजेंसियां अलर्ट पर
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए और अन्य जांच एजेंसियां तुरंत एक्शन में आ गईं. मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शुरुआती जांच में विस्फोट के पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी किसी नतीजे पर पहुंचने से इनकार किया है.दिल्ली के मुख्यमंत्री और गृह मंत्रालय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आपात बैठक बुलाई है. गृह मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों को राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.इस हादसे के बाद दिल्लीवासियों में डर का माहौल है. लोग सोशल मीडिया पर लगातार अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और घायलों की सलामती की दुआ कर रहे हैं. राजधानी की सड़कों पर देर रात तक पुलिस की गश्त जारी रही.
यह भी पढ़ें: 'धमाके के जिम्मेदार बख्शे नहीं जाएंगे...कड़ी सजा मिलेगी', दिल्ली ब्लास्ट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान