नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर दिया है. इस घटना में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. घटना के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी और स्पष्ट कहा कि “जो लोग इस धमाके के पीछे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा.”
रक्षा मंत्री ने कहा कि “दिल्ली में हुई दुखद घटना बेहद पीड़ादायक है. जिन लोगों ने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया है, वे कानून के शिकंजे से नहीं बच सकेंगे. उन्होंने बताया कि सभी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां मिलकर हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं और जल्द ही इस घटना के पीछे की साजिश और इसके मास्टरमाइंड का पर्दाफाश किया जाएगा. राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया कि “जांच पूरी तरह पेशेवर ढंग से की जा रही है, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द अदालत में पेश किया जा सके और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जा सके.”
पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
घटना में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, मैं उन सभी लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वह शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन घड़ी में साहस और शक्ति प्रदान करें. उन्होंने साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की और दिल्ली प्रशासन को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.
देश की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि एनएसजी, एनआईए, दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां मिलकर जांच में जुटी हैं. धमाके के हर तकनीकी और फॉरेंसिक एंगल की बारीकी से जांच हो रही है. रक्षा मंत्री ने कहा कि preliminary reports के आधार पर एजेंसियों ने कई अहम सुराग हासिल किए हैं, जिन पर तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने कहा, “देश की सुरक्षा से जुड़ी कोई भी जानकारी छिपाई नहीं जाएगी. जैसे ही जांच पूरी होगी, हम जनता के सामने पूरी सच्चाई रखेंगे.”
देशवासियों से संयम की अपील
घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर रोक की अपील करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि “यह समय एकजुट रहने का है, न कि भ्रम फैलाने का. देश के नागरिकों को सुरक्षा एजेंसियों पर पूरा भरोसा रखना चाहिए.” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर स्तर पर हालात पर नजर रखे हुए है और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसे “ऐसा उदाहरण बनाया जाएगा जिसे देखकर कोई दोबारा देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे.”
दिल्ली में हाई अलर्ट, लाल किला बंद
इस बीच दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है और अगले आदेश तक स्मारक को जनता के लिए बंद रखा गया है. सेना, एनएसजी और फॉरेंसिक टीम लगातार मौके पर मौजूद हैं. ब्लास्ट की तीव्रता को देखते हुए इसे “उच्च स्तर की सुरक्षा चुनौती” माना जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट के बाद सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ #OperationSindoor2O, लोगों ने मांगा निर्णायक कदम