Rohit Sharma vs Sikkim: जब भी रोहित शर्मा बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरते हैं, गेंदबाजों पर दबाव साफ नजर आता है. विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पहले ही मुकाबले में रोहित ने एक बार फिर यही साबित कर दिया. सिक्किम के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने मात्र 62 गेंदों में शानदार शतक जड़कर अपने क्लास और अनुभव का बेहतरीन नमूना पेश किया.
दाएं हाथ के इस स्टार बल्लेबाज ने अपनी पारी में 8 छक्के और 8 चौके लगाए और मैदान के हर हिस्से में शॉट्स खेलते नजर आए. खास बात यह रही कि रोहित ने 7 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगाया है और इतने लंबे अंतराल के बाद भी उनकी बल्लेबाजी में कोई जंग नजर नहीं आई.
Yes its Rohit Sharma crowd but a 12000 plus spectators for a Vijay Hazare Trophy game is a testimony that why you need stars.#VHT #RohitSharma𓃵 pic.twitter.com/munA8YoqfY
— Kushan Sarkar (@kushansarkar) December 24, 2025
सात साल बाद टूर्नामेंट में वापसी, शतक से किया ऐलान
रोहित शर्मा इस घरेलू टूर्नामेंट में सात साल बाद खेलने उतरे और वापसी को यादगार बना दिया. लंबे समय बाद विजय हजारे ट्रॉफी में उतरते ही उन्होंने साफ कर दिया कि वह अब भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बराबर की धार रखते हैं. उनका यह शतक न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि रहा, बल्कि यह भी दिखाता है कि बड़े खिलाड़ी किसी भी स्तर पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं.
जयपुर में उमड़ा फैंस का सैलाब, रोहित ने नहीं किया निराश
जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में यह मुकाबला खेला गया, जहां रोहित शर्मा को देखने के लिए 12 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंचे. जैसे ही रोहित बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे, स्टेडियम का माहौल पूरी तरह बदल गया.
237 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को रोहित ने तेज और आक्रामक शुरुआत दिलाई. उन्होंने युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के साथ मिलकर पारी को तेजी से आगे बढ़ाया और सिक्किम के गेंदबाजों को शुरू से ही बैकफुट पर ढकेल दिया.
पावरप्ले में ही बदला मैच का रुख
रोहित शर्मा ने पावरप्ले ओवरों में ही मैच का रुख मुंबई की ओर मोड़ दिया. शुरुआती ओवरों में उन्होंने 4 छक्के और 7 चौके लगाए और गेंदबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. उन्होंने एक शानदार छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया. दिलचस्प बात यह रही कि रोहित ने अपनी हाफ सेंचुरी तक 90 फीसदी से ज्यादा रन बाउंड्री से ही बनाए, जिससे उनकी आक्रामक सोच साफ झलकती है.
अगली 35 गेंदों में पूरा किया शतक
अर्धशतक के बाद भी रोहित शर्मा रुके नहीं. उन्होंने अपनी लय को बरकरार रखा और अगले 35 गेंदों में शतक पूरा कर लिया. उनकी टाइमिंग, फुटवर्क और शॉट सिलेक्शन देखने लायक था. सिक्किम के गेंदबाज रोहित की बल्लेबाजी के सामने बेबस नजर आए और मैदान का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं बचा, जहां उन्होंने रन न बटोरे हों.
वनडे सीरीज से पहले अहम अभ्यास
रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेकर न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज की तैयारी कर रहे हैं. यह सीरीज 11 जनवरी से शुरू होनी है, जिसमें दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे. दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज माने जाने वाले रोहित के लिए यह टूर्नामेंट मैच प्रैक्टिस के लिहाज से काफी अहम है.
बीसीसीआई के निर्देश पर घरेलू क्रिकेट में उतरे खिलाड़ी
बीसीसीआई ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को निर्देश दिया है कि वे विजय हजारे ट्रॉफी के कम से कम दो मुकाबले जरूर खेलें. इसी निर्देश के तहत रोहित शर्मा भी इस टूर्नामेंट में खेलते नजर आ रहे हैं.
यह फैसला खिलाड़ियों को मैच फिटनेस और लय में बनाए रखने के मकसद से लिया गया है. रोहित के लिए भी यह घरेलू मंच अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले खुद को परखने का बेहतरीन मौका साबित हो रहा है.
आत्मविश्वास से भरे रोहित, टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत
सात साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में उतरकर शतक लगाना रोहित शर्मा के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा. उनकी यह पारी न सिर्फ मुंबई टीम के लिए अहम रही, बल्कि टीम इंडिया के फैंस के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है. अगर यही फॉर्म रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी बरकरार रखते हैं, तो भारतीय टीम को शीर्ष क्रम में जबरदस्त मजबूती मिलने की पूरी उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- भारतीय लोगों खूब भा रही बिरयानी, 2025 में 9.3 करोड़ बार हुआ ऑर्डर, देखें Swiggy की रिपोर्ट