भारतीय लोगों खूब भा रही बिरयानी, 2025 में 9.3 करोड़ बार हुआ ऑर्डर, देखें Swiggy की रिपोर्ट

आज के डिजिटल दौर में लोगों की लाइफस्टाइल तेजी से बदल रही है. अब कैश से लेकर खाना तक, हर चीज एक क्लिक पर उपलब्ध है.

How India Swiggyd biryani is Most ordered food in 2025
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

आज के डिजिटल दौर में लोगों की लाइफस्टाइल तेजी से बदल रही है. अब कैश से लेकर खाना तक, हर चीज एक क्लिक पर उपलब्ध है. घर बैठे लोग न सिर्फ ग्रॉसरी बल्कि रेस्टोरेंट का पका-पकाया खाना भी बड़े पैमाने पर ऑनलाइन मंगा रहे हैं. इस बदलते ट्रेंड में अगर किसी एक डिश ने भारतीयों के दिल पर राज किया है, तो वह है बिरयानी.

फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी की सालाना रिपोर्ट ‘How India Swiggy’d’ के 10वें संस्करण में इसका खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में भी बिरयानी भारतीयों की पहली पसंद बनी रही.

बिरयानी बनी नंबर-1 डिश

स्विगी की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 में देशभर में 93 मिलियन यानी 9.3 करोड़ बार बिरयानी ऑर्डर की गई. आंकड़ों पर नजर डालें तो यह संख्या चौंकाने वाली है. इस हिसाब से हर मिनट लगभग 194 बिरयानी और हर सेकंड करीब 3.25 बिरयानी के ऑर्डर दर्ज किए गए.

यह लगातार 10वां साल रहा जब स्विगी पर सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश की सूची में बिरयानी पहले स्थान पर रही. इससे साफ है कि चाहे खाने के ट्रेंड बदलते रहें, लेकिन बिरयानी की लोकप्रियता बरकरार है.

चिकन बिरयानी की जबरदस्त डिमांड

बिरयानी की अलग-अलग किस्मों में चिकन बिरयानी सबसे ज्यादा पसंद की गई. साल 2025 में अकेले 57.7 मिलियन (5.77 करोड़) बार चिकन बिरयानी ऑर्डर की गई.

खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में रिपीट ऑर्डर देखने को मिले. यानी एक बार चिकन बिरयानी मंगाने के बाद लोगों ने बार-बार उसी डिश को दोबारा ऑर्डर किया. यह आंकड़ा साफ दिखाता है कि चिकन बिरयानी भारतीय ग्राहकों की भरोसेमंद पसंद बनी हुई है.

बर्गर और पिज्जा भी रहे पसंदीदा

रिपोर्ट में दूसरे स्थान पर बर्गर रहा, जिसे साल 2025 में 44.2 मिलियन (4.42 करोड़) बार ऑर्डर किया गया. वहीं, पिज्जा तीसरे नंबर पर रहा, जिसके 40.1 मिलियन (4.01 करोड़) ऑर्डर दर्ज किए गए.

चौथे स्थान पर डोसा ने जगह बनाई, जिसे सालभर में 26.2 मिलियन (2.62 करोड़) बार मंगाया गया. ये आंकड़े बताते हैं कि फास्ट फूड और साउथ इंडियन डिशेज की लोकप्रियता बनी हुई है, लेकिन बिरयानी का मुकाबला कोई नहीं कर पाया.

लेट नाइट ऑर्डर में वेज पिज्जा की धूम

स्विगी की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि लेट नाइट ऑर्डरिंग के दौरान वेज पिज्जा लोगों की पसंदीदा डिशेज में शामिल रहा. दिलचस्प बात यह है कि एक ग्राहक ने पूरे साल में 47,578 रुपये के पिज्जा ऑर्डर कर दिए, जिसने सबको चौंका दिया.

रिपोर्ट से यह भी सामने आया कि भारतीयों का पारंपरिक चाय-नाश्ते का प्यार अब भी कायम है. साल 2025 में लोगों ने स्विगी के जरिए 3.42 मिलियन (34.2 लाख) समोसे और 2.9 मिलियन (29 लाख) कप अदरक वाली चाय ऑर्डर की.

इसके साथ ही मिठाइयों में गुलाब जामुन, काजू कतली, बेसन के लड्डू और चॉकलेट केक का भी लोगों ने जमकर आनंद लिया.

ये भी पढ़ें- वैभव सू्र्यवंशी ने जड़ा था 36 गेंद में शतक, चंद घंटे में टूट गया रिकॉर्ड, टीम के कप्तान ने रचा इतिहास