Vaibhav Sooryavanshi: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि भारत को जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए व्हाइट-बॉल टीम में सूर्यवंशी को शामिल करने पर विचार करना चाहिए.
वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गुवाहाटी में खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में शानदार अर्धशतक जड़ दिया. उनकी इस पारी के बाद हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी है.
वॉन ने दी टीम इंडिया में शामिल करने की सलाह
माइकल वॉन का कहना है कि सूर्यवंशी को जल्द ही भारतीय टीम के माहौल से जोड़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि भले ही यह आईपीएल की शुरुआत है, लेकिन आने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए उसे टीम के साथ ले जाना अच्छा फैसला हो सकता है.
वॉन ने यह भी साफ किया कि वह यह नहीं कह रहे कि सूर्यवंशी को तुरंत प्लेइंग इलेवन में शामिल कर लिया जाए. लेकिन अगर उसे टीम के साथ रखा जाए और माहौल समझने का मौका मिले, तो यह उसके करियर के लिए फायदेमंद होगा.
बन सकते हैं सबसे युवा खिलाड़ी
अगर वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन सकते हैं. अभी यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था.
अश्विन ने दी अलग सलाह
वहीं, पूर्व भारतीय खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन का इस मामले में अलग नजरिया है. उनका कहना है कि सूर्यवंशी को अभी समय देना चाहिए और उस पर जल्दी दबाव नहीं डालना चाहिए.
अश्विन ने कहा कि वह अभी बहुत युवा है और उसे अपने तरीके से आगे बढ़ने देना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि वह इतना अच्छा खिलाड़ी है कि एक दिन जरूर भारत के लिए खेलेगा, लेकिन इसके लिए जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है.
आगे के मैच पर नजर
जहां एक तरफ टीम इंडिया में चयन को लेकर चर्चा तेज है, वहीं दूसरी ओर सूर्यवंशी फिलहाल अपनी फॉर्म पर ध्यान दे रहे हैं. उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें- पहले टेनिस कोर्ट में दिखाया कमाल, अब राजनीति में आजमाएंगे किस्मत; इस दिग्गज खिलाड़ी ने थामा BJP का दामन