शहजाद भट्टी नेटवर्क पर शिकंजा, 200 से ज्यादा गिरफ्तार, अमित शाह ने ऑपरेशन की दी जानकारी

Amit Shah Shahzad Bhatti Network: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार 17 अगस्त को कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है.

Crackdown on Shahzad Bhatti network over 200 arrested Amit Shah shares details of the operation
Image Source: Social Media

Amit Shah Shahzad Bhatti Network: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार 17 अगस्त को कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 

उनके मुताबिक, इस कार्रवाई में 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया और नेटवर्क की कई योजनाओं को नाकाम किया गया. अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में एक साथ ऑपरेशन चलाया. उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा उदाहरण बताया.

बड़ी संख्या में हथियार और सामान बरामद

गृह मंत्री के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान नेटवर्क से बड़ी मात्रा में हथियार और दूसरी चीजें बरामद हुई हैं. इनमें IED, ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे शामिल हैं. कुछ ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग भी मिली है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इससे नेटवर्क के सीमा पार कनेक्शन की जानकारी मिलती है.

कई राज्यों में एक साथ हुई कार्रवाई

सुरक्षा एजेंसियों ने 12 अगस्त को राज्य पुलिस के साथ मिलकर यह ऑपरेशन चलाया. रियल टाइम खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था के जरिए अलग-अलग राज्यों में एक साथ कार्रवाई की गई. कार्रवाई में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, बिहार, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल शामिल रहे.

बताई गई गिरफ्तारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को पकड़ा गया. राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 गिरफ्तारियां हुईं. गुजरात, कर्नाटक और बिहार में 3-3 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 गिरफ्तारियां हुईं.

IED, ग्रेनेड और जिंदा कारतूस बरामद

जांच एजेंसियों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान IED, हथियार, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद किए गए. नेटवर्क से जुड़े लोगों के पास पिस्टल और CCTV कैमरे भी मिले. एजेंसियों का दावा है कि इन कैमरों का इस्तेमाल निगरानी और रेकी के लिए किया जा रहा था. समय रहते कार्रवाई होने से स्वतंत्रता दिवस से पहले संभावित हमलों की साजिश को रोकने में मदद मिली.

क्या है शहजाद भट्टी नेटवर्क?

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान से जुड़ा एक आतंकी नेटवर्क है, जिसे ISI का समर्थन मिलने का आरोप है. एजेंसियों का दावा है कि यह नेटवर्क भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों के साथ-साथ टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है. बताया गया है कि नेटवर्क स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस, सुरक्षा ठिकानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था. इसके लिए CCTV कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाता था.

80 से ज्यादा FIR दर्ज

अमित शाह के मुताबिक, इस नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR दर्ज की जा चुकी हैं और 200 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं. इन मामलों में UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से देश में संभावित आतंकी साजिशों को समय रहते रोकने में मदद मिली है.

ये भी पढ़ें- Lakhisarai Temple Stampede: 'घायल जल्द स्वस्थ हों...', लखीसराय भगदड़ हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख