गोवा में शराब तस्करी पर कांग्रेस का हमला, कहा- सालभर में राज्य को 7,200 करोड़ रुपये का नुकसान

गोवा में शराब तस्करी का मामला गंभीर रूप ले रहा है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले पर चिंता जताई है.

Congress attacks liquor smuggling in Goa
अमित पाटकर | Photo: ANI

गोवा में शराब तस्करी का मामला गंभीर रूप ले रहा है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले पर चिंता जताई है और कहा है कि खुलेआम शराब की तस्करी हो रही है, जिससे राज्य को लगभग 7,200 करोड़ रुपये का सालाना आर्थिक नुकसान हो रहा है. गोवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित पटकर ने बताया कि प्रतिदिन कम से कम दस ट्रक शराब के साथ पतरादेवी सीमा पार करते हैं, जिनमें प्रत्येक ट्रक में लगभग 2 करोड़ रुपये की शराब होती है, और यह शराब गुजरात जैसे राज्यों तक पहुंचाई जा रही है, जहां शराब पर पाबंदी है.

अवैध शराब को रोकने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं

पटकर ने हाल ही में धारगलिम में हुई एक घटना का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि जब एक ट्रक में लगी आग की घटना हुई, तो संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की. उन्होंने कहा, "यह ट्रक ट्रांसपोर्ट विभाग में पंजीकृत है, फिर भी पुलिस और एक्साइज विभाग इसका मालिक तक पहचान नहीं पा रहे हैं. यह कैसे संभव है?" पटकर ने एक्साइज विभाग पर भी आरोप लगाया कि उनके पास गोवा से बाहर जाने वाली अवैध शराब को ट्रैक या रोकने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है.

एक्साइज कमिश्नर के कार्यालय के बाहर आंदोलन करेगी कांग्रेस

उन्होंने कहा कि धारगलिम घटना के 36 घंटे बाद भी पुलिस और एक्साइज विभाग में कोई सक्रियता नहीं दिखी और प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी चुप्पी साधे हुए है. पटकर ने मुख्यमंत्री से इस मामले में सफाई मांगी और कहा कि वे गुरुवार तक यह बताएं कि यह शराब कहां से आ रही है और इसका गंतव्य कहां है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो कांग्रेस एक्साइज कमिश्नर के कार्यालय के बाहर आंदोलन करेगी.

ये भी पढ़ेंः इजरायली हमलों के बीच ईरान ने बदला खुफिया प्रमुख, युद्ध के बीच नई रणनीति की तैयारी; इजरायल में मचेगा हाहाकार?