90 के दशक में PC की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाला Compaq ब्रांड एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में नजर आ रहा है. 2002 में HP द्वारा अधिग्रहण के बाद Compaq का नाम धीरे-धीरे बाजार से गायब होता गया, लेकिन लाइसेंसिंग के जरिए यह ब्रांड अब किफायती इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज में वापसी कर रहा है. इसी कड़ी में कंपनी ने Mexico में अपना नया Compaq QTab Ultra 12.6 टैबलेट पेश किया है, जो बड़े डिस्प्ले और हाई-कैपेसिटी बैटरी के साथ आता है.
12.6 इंच AMOLED डिस्प्ले बनेगा बड़ा आकर्षण
Compaq QTab Ultra 12.6 में 12.6 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1600 x 2560 पिक्सल है. बड़ी और हाई-रिजॉल्यूशन स्क्रीन को खासतौर पर वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन पढ़ाई, डॉक्यूमेंट एडिटिंग और ड्रॉइंग जैसे कामों के लिए उपयोगी माना जा सकता है. टैबलेट Android 15 पर चलता है और कनेक्टिविटी के लिए 5GHz Wi-Fi, Bluetooth 5.0, GPS और USB Type-C पोर्ट जैसे विकल्प मिलते हैं. USB-C पोर्ट में OTG सपोर्ट भी मौजूद है.
11,000mAh बैटरी के साथ लंबा बैकअप
इस टैबलेट की सबसे बड़ी खासियतों में इसकी 11,000mAh बैटरी शामिल है. कंपनी के मुताबिक यह बैटरी 500 घंटे तक का स्टैंडबाय टाइम दे सकती है, जबकि लगातार इस्तेमाल में करीब 6 घंटे तक का बैकअप मिलने का दावा किया गया है. चार्जिंग के लिए इसमें 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है. हालांकि वास्तविक बैटरी बैकअप इस्तेमाल, स्क्रीन ब्राइटनेस और दूसरे कारकों पर निर्भर करेगा.
12GB RAM और 512GB स्टोरेज का कॉम्बिनेशन
Compaq ने QTab Ultra 12.6 में 12GB RAM के साथ 512GB इंटरनल स्टोरेज दी है. जरूरत पड़ने पर माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है. कंपनी बॉक्स में स्टायलस पेन और प्रोटेक्टिव कवर भी दे रही है, जबकि अलग से कीबोर्ड जोड़ा जा सकता है. ऐसे में यह टैबलेट मनोरंजन के अलावा पढ़ाई और सामान्य ऑफिस वर्क के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
प्रोसेसर और कैमरे की जानकारी अभी बाकी
हालांकि Compaq ने टैबलेट के डिस्प्ले, बैटरी और मेमोरी से जुड़े कई स्पेसिफिकेशन साझा किए हैं, लेकिन इसके प्रोसेसर और कैमरा सेटअप की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. यही वजह है कि फिलहाल इसकी वास्तविक परफॉर्मेंस और कैमरा क्वालिटी को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. टैबलेट की कीमत Mexico में 8,499 Mexican Peso रखी गई है, जो करीब 503 डॉलर के बराबर है.
ये भी पढ़ें: 6,000mAh बैटरी के साथ सस्ता 5G फोन लॉन्च, 50MP कैमरा और 6.75-इंच डिस्प्ले, जानें कीमत