'धरती कांप गई थी', सैन्य ठिकाने पर भीषण बम हमले में पांच लोगों की मौत, जानें कहां हुआ ये अटैक

Colombia Explosion: कोलंबिया एक बार फिर हिंसा की चपेट में है. देश के तीसरे सबसे बड़े शहर कैली में गुरुवार को हुए एक भीषण वाहन बम विस्फोट ने न सिर्फ 5 लोगों की जान ले ली, बल्कि 2026 के राष्ट्रपति चुनावों से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थायित्व पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

cOLOMBIA five people died in a massive bomb attack on a military base know MORE
Image Source: Social Media

Colombia Explosion: कोलंबिया एक बार फिर हिंसा की चपेट में है. देश के तीसरे सबसे बड़े शहर कैली में गुरुवार को हुए एक भीषण वाहन बम विस्फोट ने न सिर्फ 5 लोगों की जान ले ली, बल्कि 2026 के राष्ट्रपति चुनावों से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थायित्व पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह विस्फोट शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित मार्को फिदेल सुआरेज मिलिट्री एविएशन स्कूल के पास हुआ, जो देश के रणनीतिक सैन्य ढांचे का हिस्सा माना जाता है. मेयर एलेजांद्रो एडर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 36 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है.

 

सैन्य ठिकाना था टारगेट?

हालांकि, अभी तक किसी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शुरुआती जांच से साफ है कि हमले का निशाना सैन्य एयरबेस था. पुलिस का मानना है कि विस्फोट का उद्देश्य सैन्य बलों को नुकसान पहुंचाना या फिर देश में चल रही शांति प्रक्रिया को बाधित करना हो सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि यह हमला उस समय हुआ है जब सरकार देश के अंदर सक्रिय विद्रोही संगठनों के साथ समझौते की कोशिशों में जुटी है.

'धरती कांप गई थी'

65 वर्षीय स्थानीय नागरिक हेक्टर फैबियो बोलानोस ने विस्फोट के बाद के मंजर को भयावह बताया. उन्होंने कहा, "एक तेज़ धमाका हुआ और सब कुछ हिल गया. एयरबेस के सामने के घरों के शीशे चकनाचूर हो गए और घायल लोग सड़क पर पड़े थे."

सुरक्षा उपायों में तेजी, ट्रकों पर पाबंदी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए मेयर एडर ने तत्काल प्रभाव से बड़े ट्रकों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी है. साथ ही इस आतंकी हमले के दोषियों की पहचान में मदद करने वाले को $10,000 (USD) इनाम देने की घोषणा की गई है. एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मृतकों में वे आम नागरिक हो सकते हैं जो उस वक्त सड़क से गुजर रहे थे.

‘आतंकवाद हमें नहीं डिगा सकता’

कौका घाटी की गवर्नर डिलियन फ्रांसिस्का टोरो ने इस हमले को आतंकवादी हमला करार देते हुए इसकी तीखी निंदा की है. उन्होंने कहा, "हम शांति के रास्ते से नहीं हटेंगे. आतंकवाद हमें हरा नहीं सकता." गौरतलब है कि इससे पहले जून 2025 में भी कैली और उसके आस-पास कई बम और बंदूक हमले हुए थे, जिनकी जिम्मेदारी वामपंथी गुरिल्ला समूहों ने ली थी. ऐसे में यह आशंका गहराती जा रही है कि कोलंबिया के आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा की घटनाएं और बढ़ सकती हैं.

यह भी पढ़ें- F-18 हॉर्नेट जेट क्रैश, मलेशिया में लड़ाकू विमान हादसा; अस्पताल में भर्ती हुए दोनों पायलट