अगर सीएम योगी का ये मास्टरस्ट्रोक हुआ कामयाब... तो यूपी बनेगा वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी, जानें प्लान

योगी सरकार ने प्रत्येक जिले में 100 एकड़ जमीन चिन्हित कर इन हब्स के विकास की योजना बनाई है. यह हब्स सिर्फ औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उद्योगपतियों को एक ऐसा माहौल भी मुहैया कराएंगे जहां बिजनेस से जुड़ी सारी परेशानियों का समाधान एक ही छत के नीचे होगा.

CM Yogi s plan Build a $1 trillion economy by developing 75 district export hubs
Image Source: ANI

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए एक अभूतपूर्व पहल की है. पहली बार पूरे प्रदेश के 75 जिलों में डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब स्थापित करने का ऐलान किया गया है. यह कदम न सिर्फ उद्योगों को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा और प्रदेश को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाएगा.

हर जिले में 100 एकड़ जमीन पर बनेगा औद्योगिक केंद्र

योगी सरकार ने प्रत्येक जिले में 100 एकड़ जमीन चिन्हित कर इन हब्स के विकास की योजना बनाई है. यह हब्स सिर्फ औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उद्योगपतियों को एक ऐसा माहौल भी मुहैया कराएंगे जहां बिजनेस से जुड़ी सारी परेशानियों का समाधान एक ही छत के नीचे होगा. बिजली कनेक्शन, पैकेजिंग, तकनीकी सहायता से लेकर कुशल श्रमिकों की उपलब्धता तक की सुविधा एकीकृत होगी.

उद्यमियों के लिए राहत, विभागीय दौड़ घटेगी

अब तक उद्यमियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बर्बादी होती थी. नए एक्सपोर्ट हब्स में उद्योग विभाग, पैकेजिंग यूनिट, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और स्किल ट्रेनिंग सेंटर एक ही परिसर में होंगे. इससे उद्योगपतियों को अपनी हर जरूरत के लिए अलग-अलग जगह जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, और काम तेजी से होगा.

रोजगार और पलायन पर बड़ा असर

डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब्स से न केवल रोजगार के अवसर स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे, बल्कि युवा और कुशल श्रमिकों को प्रशिक्षण के बाद अपने जिले में ही काम करने का मौका मिलेगा. इसका सबसे बड़ा फायदा पलायन में कमी के रूप में सामने आएगा. युवा अब बड़े शहरों का रुख किए बिना अपने क्षेत्र में ही रोजगार पा सकेंगे, जिससे ग्रामीण और छोटे जिलों का आर्थिक परिदृश्य भी सुधरेगा.

औद्योगिक विकास को नई गति

छोटे पैमाने के उद्योग अब बड़े स्तर पर विकसित होंगे. इससे न केवल निवेश बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश की आर्थिक छवि भी मजबूत होगी. छोटे उद्यमियों को जमीन, पैकेजिंग और मार्केटिंग जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी और वे अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा सकेंगे. यह पहल प्रदेश के औद्योगिक ढांचे को मजबूती देने में मील का पत्थर साबित होगी.

वन ट्रिलियन डॉलर की ओर यूपी का संकल्प

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि राज्य जल्द ही देश की वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाए. डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब्स के जरिए निर्यात में तेजी आएगी, निवेश बढ़ेगा और प्रदेश आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा. यह योजना यूपी के उद्योग जगत को एक नई पहचान दिलाएगी और देश-विदेश में इसकी साख मजबूत करेगी.  

ये भी पढे़ं: Uttar Pradesh: रामलला के दर्शन को अयोध्या आ रहे मॉरीशस के प्रधानमंत्री, प्रशासन तैयारियों में जुटा