उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सामाजिक सौहार्द और विकास को लेकर सख्त तेवर दिखाए. उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें ऐसी हैं, जिन्हें देश में अमन और तरक्की रास नहीं आती, लेकिन अब समय बदल चुका है – अब हर असामाजिक सोच को कड़ा जवाब मिलेगा.
सीएम योगी ने बिना लाग-लपेट के कहा कि भारत में रहकर जो लोग गजवा-ए-हिंद जैसे विचारों को पालते हैं, वो समझ लें कि अब उनका यह सपना उन्हें सीधे विनाश की ओर ले जाएगा. उन्होंने सख्त लहजे में कहा,ऐसे लोगों का अंजाम छांगुर बाबा जैसा ही होगा. ये सोच रखने वाले लोग खुद को गड्ढे में धकेल रहे हैं, और वक्त आने पर उनका पतन तय है.
जो अराजकता को अपना अधिकार मानते हैं, वो पुराने जमाने की बात हो गई
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पहले की सरकारों में, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में, अराजकता और उपद्रव को नजरअंदाज किया जाता था. लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा.अब अगर कोई अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा, तो सीधा नरक का रास्ता पकड़ेगा," उन्होंने कहा. उनका यह बयान इस ओर इशारा करता है कि वर्तमान प्रशासन अब किसी भी तरह की उथल-पुथल को सहन नहीं करेगा.
विकास में अड़चन डालने वाले खुद के विनाश की जमीन तैयार कर रहे हैं
सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग राज्य के विकास में रोड़ा अटकाते हैं, वे समझ लें कि विकास से टकराओगे, तो वही विकास तुम्हारे लिए विनाश बन जाएगा.उन्होंने ये बात उन तत्वों को संबोधित करते हुए कही जो सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं.
शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को अमन पसंद नहीं है. वे बार-बार समाज में तनाव फैलाने की कोशिश करते हैं.ऐसे लोगों को समझ में नहीं आता, तो फिर उन्हें लातों की ही भाषा समझानी पड़ेगी. बातों से अब कोई असर नहीं होगा,
बच्चों को ढाल बनाकर समाज को गुमराह करने की कोशिश नाकाम होगी
सीएम योगी ने हाल ही की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ कट्टरपंथी विचारधाराएं बच्चों के हाथों में धार्मिक नारे लिखी तख्तियां पकड़ाकर उन्हें भटकाने की कोशिश कर रही हैं. जो लोग बच्चों को ‘I Love Mohammad’ जैसी तख्तियां पकड़ा रहे हैं, उन्हें नहीं पता कि वे खुद की ही नहीं, बच्चों की भी ज़िंदगी तबाह कर रहे हैं. आस्था चौराहे पर प्रदर्शन का विषय नहीं होती.
हमारी प्राथमिकता गरीब, किसान, व्यापारी और बेटियों की सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के अंत में दोहराया कि सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग का विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करना है. "हमारी संवेदनाएं गरीब, नौजवान, किसानों, बेटियों और व्यापारियों के साथ हैं. किसी भी असामाजिक तत्व को इस संतुलन को बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी," उन्होंने स्पष्ट किया.
यह भी पढ़ें: यूपी के स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खुशखबरी, स्कॉलरशिप को लेकर योगी सरकार ने किया बड़ा ऐलान, जानें