पीलीभीत में कांग्रेस-सपा पर बरसे CM योगी आदित्यनाथ, बांग्लादेश से लौटे हिंदुओं को लेकर कही बड़ी बात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत में करीब 600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

cm-yogi-pilibhit-development-projects-land-rights-displaced-families-address
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत में करीब 600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने 4693 विस्थापित परिवारों को भूमि का मालिकाना अधिकार भी सौंपा, जिनमें बड़ी संख्या बांग्लादेश से लौटे हिंदू परिवारों की है. जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करने के साथ-साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "मैं आज बधाई देता हूं सभी विधायकों के परिश्रम से लगभग 600 करोड़ रूपये की परियोजनाओं की सौगात इन दो जनपद को प्राप्त हो रही है. सबसे बड़ी बात विकास के साथ साथ विरासत को संजोने की भी है. बांग्लादेश से आये हुए हिन्दुओं को पुनर्वासित करने और नागरिकता प्रदान करने से जिन लोगों को भी ये सुविधा प्राप्त हो रही है उन सभी को बधाई. ये सर्टिफिकेट मिलने के बाद कोई ताकत इन्हें पराया नहीं कर सकता."

"यह इन लोगों के लिए पुनर्जीवन है"

सीएम योगी ने आगे कहा, "आज लगभग 600 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का सौभाग्य इन जनपदों को प्राप्त हो रहा है. 55 से 56 वर्ष पहले बांग्लादेश से निकाले गए हिंदू, बौद्ध और जैनियों को पीलीभीत में पुनर्वासित करने और नागरिकता देने के लिए मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं. यह इन लोगों के लिए पुनर्जीवन है. प्रमाण पत्र पाने के बाद अब इन्हें पराया नहीं कहा जा सकता है. यह काम प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने किया है."

"कांग्रेस के पाप के कारण बांग्लादेश बना"

सीएम योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, "कांग्रेस के पाप के कारण पहले बांग्लादेश बना. बांग्लादेश और पाकिस्तान बनना आवश्यक नहीं था. सत्ता लोलुपता का निर्माण था पाकिस्ता. अगर उस समय का कांग्रेस का नेतृत्व अडिग हो गया होता तो जिन्ना अपनी मौत मर गया होता और पाकिस्तान का निर्माण नहीं होता. भारत का विभाजन नहीं होता, लाखों हिन्दुओं को अपनी पैतृक भूमि को छोड़ना नहीं पड़ता."

सीएम योगी का विपक्षी दलों पर निशाना

उन्होंने कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए कहा कि, "कांग्रेस ने कभी सुध नहीं ली और समाजवादी पार्टी जो कांग्रेस की हमराह है, उसे भी कहां फुर्सत थी, क्योंकि इन्हें तुष्टिकरण से फुर्सत मिलता तब ना, पिछड़े, गरीब और वंचितों एक बारे में सोचते. हमने इनकी पीड़ा के साथ अपनी संवेदना को जोड़ा, यह संवेदना समाजवादी पार्टी भी जोड़ सकती थी. उन्हें 4 बार शासन करने का अवसर मिला था, लेकिन ये तब करते जब "बबुआ" को समय पर जगने की आदत हो! 12 बजे सोकर उठेंगे, 2 बजे तक तैयार होंगे, 5 बजे जिम चले जायेंगे,तो गरीब की पीड़ा सुनने का आदत कहा होगी."

ये भी पढ़ें: फर्रुखाबाद: CMO कार्यालय में 'नो मोबाइल-नो कैमरा' का आदेश, क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला?