Yogi Adityanath In West Bengal: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान एक जनसभा में तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ममता दीदी ने इसी वजह से नागरिकता कानून का विरोध किया, क्योंकि उन्हें चिंता है कि अगर हिंदुओं की संख्या बढ़ गई तो सड़कों पर इफ्तार कैसे होगा.
सीएम योगी ने कहा कि बंगाल में जो अराजकता फैली हुई है, उसके लिए तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह पार्टी लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती. पहले चरण के मतदान के दौरान पार्टी के नेताओं और उम्मीदवारों पर हमले हुए, जिसे पूरे देश ने देखा. उन्होंने कहा कि जब नतीजे आएंगे तो ऐसे लोगों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी.
जनसभा में दिखा लोगों का उत्साह
योगी आदित्यनाथ नदिया जिले के नबद्वीप क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. यहां भारी गर्मी के बावजूद हजारों की संख्या में लोग पहुंचे. सभा में लगातार ‘योगी-योगी’ के नारे गूंजते रहे. मुख्यमंत्री ने इस समर्थन के लिए लोगों का धन्यवाद भी किया और कहा कि जनता बदलाव चाहती है.
उन्होंने पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने बड़ी संख्या में वोट दिया, जिससे साफ है कि जनता आतंक, माफिया और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है. उनका कहना था कि आने वाले समय में राज्य में नई सरकार बनने के साथ तेज गति से विकास होगा.
आध्यात्मिक विरासत का किया उल्लेख
सभा के दौरान सीएम योगी ने नबद्वीप की पवित्र धरती को नमन किया और चैतन्य महाप्रभु का स्मरण किया. उन्होंने कहा कि करीब 500 साल पहले चैतन्य महाप्रभु ने भक्ति के माध्यम से पूरे विश्व में सनातन परंपरा का संदेश फैलाया था. आज भी उनके अनुयायी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और लोगों को भक्ति और एकता का संदेश दे रहे हैं.
बंगाल की पहचान पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल ने देश को बहुत कुछ दिया है, लेकिन आज वही राज्य अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा है. उन्होंने कहा कि संतों, स्वतंत्रता सेनानियों और महान व्यक्तित्वों की इस धरती पर आज कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है. इसके लिए उन्होंने राज्य की मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने आरोप लगाया कि यहां जमीन, रेत और पशु से जुड़े माफिया सक्रिय हैं और आम लोगों को परेशान कर रहे हैं. साथ ही यह भी कहा कि केंद्र से आने वाला पैसा सही जगह तक नहीं पहुंच पाता.
घुसपैठ और कानून पर बयान
सीएम योगी ने कहा कि अब समय आ गया है कि लोग ऐसी सरकार से मुक्ति पाएं, जो घुसपैठियों को बढ़ावा देती है. उन्होंने नागरिकता कानून का जिक्र करते हुए कहा कि इसका मकसद उन लोगों को नागरिकता देना है, जो पड़ोसी देशों से प्रताड़ित होकर भारत आए हैं और लंबे समय से यहां रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस कानून का राज्य में विरोध किया गया, जबकि इससे कई लोगों को लाभ मिल सकता है.
धार्मिक मुद्दों पर भी बोले
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि बंगाल में दुर्गा पूजा और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर भी कई बार विवाद हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस दिशा में सख्ती से काम नहीं करती. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा और मां काली की पूजा को कोई नहीं रोक सकता और अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ आवाज उठेगी.
ये भी पढ़ें- DC vs PBKS: पंजाब किंग्स ने बनाया पावरप्ले का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर, 6 ओवर में ठोके 116 रन