Samrat Choudhary On Teachers Recruitment: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार (22 मई, 2026) को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में राज्य में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर कई अहम निर्णय और निर्देश दिए गए. बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है ताकि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.
हर साल 20 हजार शिक्षकों की भर्ती का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में राज्य में एक लाख शिक्षकों की भर्ती करने का है. इसके तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया को नियमित और पारदर्शी बनाने के लिए हर वर्ष जुलाई महीने में शिक्षक भर्ती से संबंधित विज्ञापन जारी किया जाएगा.
राज्य के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवतापूर्ण शिक्षा मिले, इसे लेकर हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में आज शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निम्न निर्देश दिये गये हैं :-
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 22, 2026
• अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी जिसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से… pic.twitter.com/g5K7iSCOdj
ट्रांसफर-पोस्टिंग व्यवस्था में बदलाव के निर्देश
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने इस पूरी जानकारी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया. उन्होंने बताया कि शिक्षकों के स्थानांतरण को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए शिक्षा विभाग को नए नियम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रस्तावित नीति के अनुसार महिला शिक्षकों का स्थानांतरण यथासंभव उनके गृह जिले के नजदीकी पंचायतों में किया जाएगा, जबकि पुरुष शिक्षकों को उनके गृह जिले के प्रखंड के आसपास के प्रखंडों में तैनाती दी जाएगी. इससे व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक और संतुलित बनाने का प्रयास किया जाएगा.
पोशाक आपूर्ति और जीविका की भूमिका
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति अब जीविका (Jeevika) के माध्यम से की जाए. इस व्यवस्था से न केवल समय पर पोशाक उपलब्ध हो सकेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा.
शिक्षा व्यवस्था सुधार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है. शिक्षकों की समय पर भर्ती, पारदर्शी ट्रांसफर-पोस्टिंग नीति और बेहतर संसाधनों की उपलब्धता के जरिए शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने का लक्ष्य रखा गया है.
ये भी पढ़ें- Rajya Sabha Election 2026: 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानें कब होगी वोटिंग