CM नीतीश कुमार ने नालंदा को दी बड़ी सौगात, राजगीर में किया फोरलेन हाई-वे का शिलान्यास

    मुख्यमंत्री ने बेलौआ, सिलाव में आयोजित कार्यक्रम स्थल से ₹862.63 करोड़ की लागत वाली फोरलेन सड़क परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया. यह मार्ग सालेपुर (एसएच-78) से होकर नूरसराय, अहियापुर, सिलाव होते हुए एनएच-120 के बेलौआ (राजगीर) तक बनेगा.

    CM Nitish Kumar laid the foundation stone of four-lane highway in Rajgir
    Image Source: Social Media

    नालंदा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर में एक ऐतिहासिक विकास परियोजना की शुरुआत की. इस मौके पर उन्होंने सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाईवे का शिलान्यास करते हुए कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन भी किया.

    862 करोड़ की लागत से बनेगा फोरलेन हाईवे

    मुख्यमंत्री ने बेलौआ, सिलाव में आयोजित कार्यक्रम स्थल से ₹862.63 करोड़ की लागत वाली फोरलेन सड़क परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया. यह मार्ग सालेपुर (एसएच-78) से होकर नूरसराय, अहियापुर, सिलाव होते हुए एनएच-120 के बेलौआ (राजगीर) तक बनेगा. यह फोरलेन हाईवे ना सिर्फ राजगीर को पटना से बेहतर जोड़ेगा, बल्कि बौद्ध सर्किट से भी जोड़ेगा, जिससे पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी.

    पटना से राजगीर की दूरी होगी कम

    नीतीश कुमार ने बताया कि इस सड़क के बनने से पटना से राजगीर की दूरी करीब 20 किलोमीटर कम हो जाएगी. इससे नालंदा विश्वविद्यालय, राजगीर अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर और हवाई अड्डे तक पहुंचना ज्यादा आसान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में भी जबरदस्त बढ़ोतरी होगी.

    81 करोड़ की लागत से बना नया ओवरब्रिज

    मुख्यमंत्री ने ग्राम हसनपुर में ₹81.37 करोड़ की लागत से निर्मित राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 82 पर बने रोड ओवरब्रिज (ROB) का उद्घाटन भी किया. यह ओवरब्रिज राजगीर के सरदार पटेल हॉल्ट के पास स्थित है और इससे जाम की समस्या से राहत मिलेगी. अब लोग सुगमता से राजगीर, नवादा और गया जा सकेंगे. यह ओवरब्रिज राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से महज 8 किमी दूर है.

    रग्बी चैंपियनशिप की तैयारियों का लिया जायजा

    मुख्यमंत्री ने राजगीर के खेल परिसर में जाकर एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप की तैयारियों का निरीक्षण किया. उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर के भूटानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.

    ये भी पढ़ें: नीतीश कैबिनेट ने बिहारवासियों को दी बड़ी सौगात, 36 प्रस्तावों पर लगी मुहर, जानें किसे क्या मिला