Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजनीति इन दिनों शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के भीतर हुई टूट को लेकर गरमाई हुई है. इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. दोनों नेता मुंबई से नागपुर जाने वाली एक ही फ्लाइट में सफर करते नजर आए. संयोग से हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और कुछ देर बातचीत भी की. शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत भी उसी विमान में मौजूद थे.
फ्लाइट में हुई मुलाकात बनी चर्चा का विषय
वायरल तस्वीरों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे मुस्कुराते हुए हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं. वहीं, संजय राउत उनकी सीट के पीछे बैठे नजर आए. बताया जा रहा है कि यह मुलाकात मुंबई से नागपुर जा रही फ्लाइट में हुई. इस दौरान फडणवीस ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि आज की सबसे बड़ी खबर यही है कि तीनों एक ही विमान में साथ सफर कर रहे हैं.
अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए पहुंचे नागपुर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने तय सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए नागपुर जा रहे थे. वहीं, उद्धव ठाकरे विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत के सिलसिले में नागपुर पहुंचे. हालांकि दोनों नेताओं की यात्रा का उद्देश्य अलग-अलग था, लेकिन एक ही विमान में उनकी मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया.
सियासी अटकलों पर दोनों पक्षों ने लगाया विराम
फ्लाइट में हुई मुलाकात के बाद राजनीतिक विश्लेषकों ने इसके कई मायने निकालने शुरू कर दिए. हालांकि भाजपा और शिवसेना (UBT) दोनों पक्षों ने किसी भी राजनीतिक संदेश से इनकार किया. दोनों दलों का कहना है कि यह सिर्फ एक संयोग था और मुलाकात सामान्य शिष्टाचार के तहत हुई. इसे किसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.
भाजपा नेता बोले- राजनीति अलग, रिश्ते अलग
भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड ने इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों का मतलब व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं होता. उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सभी दलों के नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध रखते हैं. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उद्धव ठाकरे उनके परिवार के निजी समारोह में भी शामिल हो चुके हैं. ऐसे में विमान में हुई बातचीत को सामान्य सामाजिक व्यवहार के रूप में देखा जाना चाहिए.
उद्धव ठाकरे की पार्टी को हाल में लगा बड़ा झटका
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब शिवसेना (UBT) को बड़ा राजनीतिक नुकसान झेलना पड़ा है. पार्टी के नौ लोकसभा सांसदों में से छह सांसदों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट का समर्थन करने का फैसला किया है. सांसदों की इस बगावत के बाद उद्धव ठाकरे की राजनीतिक चुनौतियां बढ़ गई हैं और महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ये भी पढ़ें- Donald Trump India Visit: भारत आएंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप; अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो का बड़ा ऐलान