CLAT Topper Geetali Gupta: एंट्रेस टेस्ट में किया टॉप... जमीन पर बैठकर देखा रिजल्ट; रिएक्शन वायरल

CLAT Topper Geetali Gupta: राजस्थान के श्री गंगानगर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने न सिर्फ पूरे इलाके बल्कि प्रदेश भर को गर्व से भर दिया है. कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) में गीताली गुप्ता ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर अपनी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है.

CLAT Topper Geetali Gupta Reaction video viral on a social media
Image Source: Social Media

CLAT Topper Geetali Gupta: राजस्थान के श्री गंगानगर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने न सिर्फ पूरे इलाके बल्कि प्रदेश भर को गर्व से भर दिया है. कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) में गीताली गुप्ता ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर अपनी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है. जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, गीताली की सफलता का जश्न घर से लेकर स्कूल तक देखने को मिला. उनके रिजल्ट चेक करने का भावुक पल कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो में गीताली अपने घर में मंदिर के पास बैठी हुई मोबाइल फोन पर CLAT का परिणाम देखती नजर आती हैं. जैसे ही स्क्रीन पर ऑल इंडिया रैंक-1 दिखाई देती है, वह कुछ पल के लिए स्तब्ध रह जाती हैं और फिर भावनाओं पर काबू नहीं रख पातीं. उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़ते हैं. यह दृश्य हर उस छात्र के लिए प्रेरणा बन गया है, जो बड़े सपने देखता है.

70 हजार अभ्यर्थियों को पीछे छोड़ हासिल किया पहला स्थान

श्री गंगानगर के नोजगे पब्लिक स्कूल की कक्षा 12वीं आर्ट्स की छात्रा गीताली गुप्ता ने सामान्य वर्ग में 112.75 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की. उन्होंने देशभर के लगभग 70 हजार उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम पाया है. इस शानदार प्रदर्शन के साथ गीताली ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया है.

घर और स्कूल में मना जश्न

रिजल्ट आने के बाद गीताली के घर और स्कूल में खुशी का माहौल छा गया. मिठाइयां बांटी गईं और सभी ने इस उपलब्धि को उत्सव की तरह मनाया. गीताली की इस सफलता के बाद अब उन्हें देश की प्रतिष्ठित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में पांच वर्षीय स्नातक विधि पाठ्यक्रम में दाखिला मिलेगा. परिवार का कहना है कि बेटी की यह उपलब्धि उसके अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच का नतीजा है.

स्कूल में भी गर्व का पल

नोजगे पब्लिक स्कूल में भी गीताली की सफलता पर विशेष उत्साह देखने को मिला. स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की. स्कूल के मुख्य प्रबंधक पीसूदन ने गीताली को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने बताया कि गीताली की सफलता ने स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता और मार्गदर्शन को एक नई पहचान दी है.

परिवार और संस्कारों का अहम योगदान

गीताली गुप्ता श्री गंगानगर शहर के ऋद्धि-सिद्धि तृतीय क्षेत्र की निवासी हैं. उनके पिता जगदीश कुमार गुप्ता हैं, जबकि माता भारती गुप्ता तहसील कार्यालय में सूचना सहायक के पद पर कार्यरत हैं. परिवार का मानना है कि अच्छे संस्कार, पढ़ाई के प्रति समर्पण और घर का सकारात्मक माहौल ही गीताली को इस ऊंचाई तक ले गया है. आज उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.गीताली की सफलता यह संदेश देती है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है.

यह भी पढ़ें: राजस्थान सरकार ने इन लोगों के खाते में भेजे 17000 रुपये; कैसे मिल रहा लाभ? यहां जानें पूरी जानकारी