'मेरा अपमान हुआ और मैं डिप्रेशन में चला गया...' क्रिस गेल ने इस IPL टीम पर लगाए गंभीर आरोप, जानें मामला

क्रिकेट की दुनिया में अगर कोई नाम सालों तक तूफानी अंदाज, मस्ती और मस्त माहौल के लिए याद किया गया है, तो वह है- क्रिस गेल.

Chris Gayle made serious allegations against this IPL team
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

क्रिकेट की दुनिया में अगर कोई नाम सालों तक तूफानी अंदाज, मस्ती और मस्त माहौल के लिए याद किया गया है, तो वह है- क्रिस गेल. ‘यूनिवर्स बॉस’ के नाम से मशहूर ये कैरेबियाई दिग्गज सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि एक आइकन बन चुके थे, खासकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में. लेकिन हाल ही में क्रिस गेल ने अपने IPL करियर के अंतिम दिनों को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने उनके फैंस को झकझोर कर रख दिया है.

गेल ने कहा कि IPL के आखिरी साल में वह गहरे मानसिक तनाव में चले गए थे, और पंजाब किंग्स टीम का हिस्सा रहते हुए उन्होंने खुद को ‘अपमानित’ महसूस किया था. उनका यह अनुभव, खासतौर पर अनिल कुंबले और केएल राहुल के नेतृत्व में, उनके लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था.

मेरा IPL करियर सही ढंग से खत्म नहीं हुआ

भारतीय यूट्यूबर शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान क्रिस गेल ने बेहद भावुक लहजे में अपने दिल की बात साझा की. उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के कहा, "मेरा IPL करियर जिस तरीके से खत्म हुआ, वह वैसा नहीं था जैसा मैं चाहता था. मुझे पंजाब किंग्स की टीम में वो सम्मान नहीं मिला, जिसके मैं हकदार था."

गेल ने बताया कि पंजाब किंग्स की टीम में उन्हें वो अहमियत नहीं दी गई जो एक सीनियर खिलाड़ी, एक लीजेंड और एक मैच विनर को दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि वे लीग में काफी योगदान दे चुके थे, लेकिन फिर भी उन्हें जैसे एक 'बच्चा' समझा गया, और यही बात उनके आत्मसम्मान को सबसे ज्यादा चुभ गई.

डिप्रेशन में चला गया था, ऐसा पहली बार हुआ

क्रिस गेल ने पहली बार कबूल किया कि उस दौरान वह मानसिक रूप से टूट गए थे और डिप्रेशन जैसी स्थिति का सामना कर रहे थे. एक खिलाड़ी के लिए यह बेहद गंभीर और दर्दनाक दौर होता है, जब वह खुद को अकेला, उपेक्षित और बोझिल महसूस करने लगे.

"मुझे ऐसा लगने लगा था कि जैसे मेरे कंधों पर भारी बोझ आ गया है. मैं अंदर से थक चुका था. ये पहली बार था जब मैंने महसूस किया कि मैं डिप्रेशन की ओर जा रहा हूं." गेल के इन शब्दों से साफ है कि मैदान पर चौके-छक्के लगाना जितना आसान दिखता है, उस खिलाड़ी के निजी संघर्ष उतने ही अदृश्य और गहरे हो सकते हैं.

कुंबले से कहा कि वे टीम छोड़ना चाहते हैं

इस कठिन समय में क्रिस गेल ने एक फैसला लिया. उन्होंने सीधे टीम के हेड कोच अनिल कुंबले को फोन किया और साफ कहा कि वे टीम छोड़ना चाहते हैं.

गेल ने कहा, "मैंने अनिल कुंबले को कॉल किया और कहा कि मैं मानसिक रूप से ठीक नहीं हूं. मैं अब और नहीं खेल सकता. पैसा मायने नहीं रखता जब आप अंदर से टूट चुके हों. उस वक्त टी20 वर्ल्ड कप भी पास था, और मेरी हालत ऐसी थी कि मैं कुछ भी सही से सोच नहीं पा रहा था."

गेल की ये बातें उनके फैंस के लिए चौंकाने वाली जरूर हैं, लेकिन यह भी बताती हैं कि खिलाड़ियों के भीतर भी इंसान होता है, जो हर रोज़ खुद से लड़ता है कभी आलोचनाओं से, तो कभी उपेक्षा से.

मैं बैग पैक करके निकल गया- गेल

क्रिस गेल ने अपने उस आखिरी मैच को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला, तो वो पूरी तरह टूट चुके थे. उन्होंने कहा, "मैंने मैच के बाद खुद से कहा- इसका अब कोई मतलब नहीं रहा. मैंने बैग पैक किया, और बिना कुछ कहे टीम छोड़ दी."

उन्होंने यह भी बताया कि जब कप्तान केएल राहुल ने उनसे कहा कि अगला मैच वे जरूर खेलेंगे, तब भी उन्होंने मना कर दिया. उनके लिए अब वह मंच, वह टीम, और वह माहौल सब कुछ एक बोझ बन चुका था.

अनिल कुंबले और केएल राहुल पर निशाना

क्रिस गेल ने साफ कहा कि उन्हें अनिल कुंबले के रवैये से गहरी निराशा हुई. उनका मानना है कि एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर उन्हें जिस सम्मान और सहयोग की जरूरत थी, वो नहीं मिला. वहीं कप्तान केएल राहुल को लेकर भी उनका इशारा था कि वह टीम को सही तरह से लीड नहीं कर पा रहे थे.

यह खुलासा न सिर्फ IPL की चमक-धमक के पीछे छुपे काले पहलुओं को उजागर करता है, बल्कि यह भी बताता है कि टीम मैनेजमेंट की एक गलती किसी खिलाड़ी के पूरे करियर को दर्दनाक बना सकती है.

ये भी पढ़ें- सिर्फ मैदान ही नहीं, कमेंट्री पैनल में भी होगी भारत-पाकिस्तान जंग! एशिया कप में आएगी दिग्गजों की फौज