जब तक बिहार को विकसित राज्य न बना दूं चैन की सांस नहीं लूंगा, ये मेरा संकल्प; चुनाव से पहले चिराग पासवान की हुंकार

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को राजगीर में 'बहुजन भीम संकल्प समागम' के मंच से वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया.

chirag paswan speech in bhim samagam rally in Rajgir
Image Source: Social Media

बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को राजगीर में 'बहुजन भीम संकल्प समागम' के मंच से वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने ऐलान किया कि उनकी पार्टी राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन के साथ जनता के सामने जाएगी.

चिराग की रैली में उमड़ा जनसैलाब

राजगीर के ऐतिहासिक धरती पर आयोजित इस रैली में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उमड़े. चिराग पासवान जैसे ही मंच पर पहुंचे, भीड़ ने उन्हें घेर लिया. उनकी गाड़ी की छत पर खड़े होकर जब वे लोगों का अभिवादन कर रहे थे, तभी कुछ कार्यकर्ता भी गाड़ी पर चढ़ गए.

विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

अपने भाषण में चिराग पासवान ने राजद, कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव के वक्त विपक्ष ने जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश की कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो संविधान और आरक्षण खतरे में पड़ जाएंगे. लेकिन सच्चाई यह है कि लोकतंत्र की हत्या तो 1975 में कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर की थी.” तेजस्वी यादव के '20 महीने में 20 साल का काम' वाले बयान पर तंज कसते हुए चिराग ने कहा, “अगर आपको फिर से मौका दिया जाए, तो क्या आप उन गरीबों की जमीन लौटा पाएंगे, जो आपने नौकरी देने के नाम पर लिखवा ली थी?”

बाबा साहेब अंबेडकर और पिता रामविलास को किया याद

चिराग पासवान ने अपने पिता स्व. रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि भारतीय संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की पहली तस्वीर उन्हीं के प्रयासों से लगी थी. उन्होंने कहा, “1979 से पहले संसद में बाबा साहेब की तस्वीर नहीं थी, लेकिन एक परिवार की तीन-तीन तस्वीरें टंगी थीं. ये सामाजिक न्याय के नाम पर दोहरा रवैया है.” सभा के अंत में चिराग पासवान ने कहा, “जब तक मैं राजनीति में हूं, तब तक न संविधान खतरे में है और न आरक्षण. विपक्ष केवल लोगों को डराने और गुमराह करने की राजनीति कर रहा है.”

बिहार के लिए लड़ने का संकल्प

चिराग ने कहा कि “जब तक बिहार को विकसित राज्य नहीं बना दूं, तब तक न चैन लूंगा, न थकूंगा. यह सिर्फ वादा नहीं, मेरा संकल्प है.” उनका सपना है कि हर बिहारी को उसके गांव और पंचायत में रोजगार मिले ताकि किसी को पलायन न करना पड़े. 

ये भी पढ़ें: राजगीर में चिराग पासवान की हुंकार, जनसभा को किया संबोधित, बोले - खून का एक-एक कतरा बिहार को समर्पित