राजगीर में चिराग पासवान की हुंकार, जनसभा को किया संबोधित, बोले - खून का एक-एक कतरा बिहार को समर्पित

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. इसी कड़ी में आज केंद्र सरकार में फूड प्रोसेसिंग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राजगीर में आयोजित भीम समागम संकल्प सभा को संबोधित किया.

Chirag Paswan addressed the Bahujan Bhim Sankalp rally in Rajgir nalanda
Image Source: Social Media

Chirag Paswan Rally: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. इसी कड़ी में आज केंद्र सरकार में फूड प्रोसेसिंग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राजगीर में आयोजित भीम समागम संकल्प सभा को संबोधित किया. इस मौके पर चिराग पासवान को सुनने के लिए जनसैलाब पहुंचा. जनसभा में समर्थकों की भीड़ से पंडाल पूरी तरह पैक हो गया साथ ही साथ रैली के लिए सड़कों पर भी हुजूम दिखा.

"संविधान के नाम पर भ्रमित कर रहा विपक्ष"

इस दौरान चिराग पासवान ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस, राजद और वाम दलों पर संविधान के नाम पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए को समर्थन देने की अपील की.

चिराग ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी विपक्ष ने लोगों को यह कहकर डराने की कोशिश की थी कि अगर एनडीए सत्ता में आया तो संविधान बदल जाएगा और आरक्षण समाप्त हो जाएगा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "राहुल गांधी आज संविधान की लाल किताब लहरा रहे हैं, लेकिन क्या उन्होंने कभी अपनी दादी द्वारा थोपे गए आपातकाल के लिए देश से माफी मांगी?"

चिराग पासवान का RJD पर निशाना

चिराग पासवान ने जेपी आंदोलन और उस दौर की राजनीति को याद करते हुए विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "जो लोग जेपी आंदोलन में कांग्रेस के खिलाफ लड़े, वही आज उसी कांग्रेस के साथ खड़े हैं. यह उस आंदोलन और आदर्शों का अपमान है."

तेजस्वी यादव और आरजेडी पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि जब वे सत्ता में थे, तब नौकरी के बदले लोगों से जमीन लिखवा ली गई. अब फिर से वादों के लालच दिए जा रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, "पता नहीं इस बार क्या लिखवाने की तैयारी है."

"बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट"

चिराग पासवान ने 2020 में बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट का नारा दिया तो कुछ लोगों के पेट में दर्द हो गया. आज फिर चिराग पासवान बिहार लौटना चाहता तो फिर से उनकी पीड़ा बढ़ गई है. हमारा खून का एक एक कतरा बिहार के लिए है.

ये भी पढ़ें: नीतीश के गढ़ में चमकेंगे चिराग पासवान, राजगीर में बहुजन भीम संकल्प समागम से एलजेपी(R) का बड़ा सियासी कदम