Chirag Paswan Nitish Meeting: बिहार चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति की हवा ही बदल दी है. एनडीए की शानदार जीत ने जहां पार्टी दफ्तरों में रौनक बढ़ा दी, वहीं नेताओं के चेहरों पर भी जीत की चमक साफ दिखने लगी है. शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री आवास पर जैसे ही राजनीतिक दिग्गजों का आना-जाना शुरू हुआ, पूरे माहौल में उत्साह घुल गया.
इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान जब सीएम नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे तो नज़ारा बिल्कुल बदला हुआ था, पुराने मतभेदों पर मुस्कुराहटें भारी पड़ रही थीं. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच हल्की-फुल्की हंसी, कंधे पर हाथ और आत्मीय बातचीत की झलक उन तस्वीरों में साफ थी जो बाद में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनीं.
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के पश्चात आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से मुलाकात कर उन्हें NDA के प्रचंड बहुमत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।@NitishKumar pic.twitter.com/EuHJFQNHXm
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) November 15, 2025
दिल्ली में जश्न, पटना में मेल-मिलाप
एनडीए की जीत के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में देर रात तक उत्सव का माहौल रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंचकर समर्थकों के साथ “फिर एक बार NDA सरकार” का नारा लगाते दिखे.
लेकिन अगली सुबह बिहार के राजनीतिक गलियारों में जिस तस्वीर ने सबसे ज़्यादा सुर्खियां बटोरी, वह थी नीतीश कुमार और चिराग पासवान की गर्मजोशी भरी मुलाकात. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह दृश्य साफ संकेत देता है कि चुनावी तनाव और कड़वाहट इस जीत के साथ पीछे छूट चुकी है.
2020 की कटुता से 2024 के सहयोग तक
बिहार की राजनीति में नीतीश और चिराग के रिश्ते हमेशा सुर्खियों में रहे हैं. 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग ने जदयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर नीतीश को मुश्किल में डाल दिया था. नतीजतन, नीतीश की पार्टी 43 सीटों तक सिमट गई थी. जवाब में जदयू पर एलजेपी को तोड़ने के आरोप लगे और चिराग ने नई पार्टी, एलजेपी (रामविलास) का गठन किया.
लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में चिराग ने पाँच सीटें जीतकर अपनी राजनीतिक मजबूती दिखाई. इसी दौरान नीतीश और चिराग के बीच रिश्तों की बर्फ पिघलनी शुरू हुई. चिराग कई बार मंचों पर साफ तौर पर कहते रहे कि वे 2025 का चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ने को तैयार हैं.
नीतीश से मिलने की होड़
एनडीए की जीत के बाद पटना में नीतीश कुमार के आवास पर राजनीतिक हस्तियों का तांता लगा रहा. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान समेत कई नेता उनसे मिलकर बधाई दे चुके हैं. मुख्यमंत्री आवास का माहौल पूरी तरह उत्सव और रणनीतिक चर्चाओं के बीच घुलता-मिलता नजर आया.
यह भी पढ़ें- कौन हैं John Ternus? जो ले सकते हैं Tim Cook की जगह