Nitish Kumar: बिहार में छठ का त्योहार सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि इस बार यह राजनीति का प्रतीक बन गया है. परंपरा और सियासत के इस संगम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए सहयोगी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के घर पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया. यह मुलाकात केवल धार्मिक औपचारिकता नहीं थी, बल्कि इसमें राजनीतिक संकेतों की पूरी झलक दिखाई दी.
जहां एक तरफ बिहार में छठ की रौनक है, वहीं दूसरी ओर यह मुलाकात एनडीए के भीतर एकता और रिश्तों की गरमाहट का संदेश दे रही है. चिराग पासवान, जो कभी नीतीश कुमार के सबसे मुखर आलोचक रहे हैं, अब उन्हीं के घर पर उनका स्वागत करते दिखे.
धन्यवाद माननीय मुख्यमंत्री जी, जो आज आप मेरे आवास पर आए और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मेरे परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं देने के लिए हार्दिक आभार।@NitishKumar pic.twitter.com/hy1EbuqHFK
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) October 26, 2025
प्रसाद के साथ पिघलती बर्फ?
छठ पूजा के मौके पर नीतीश कुमार का चिराग पासवान के घर पहुंचना केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक बर्फ के पिघलने का संकेत भी माना जा रहा है.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह मुलाकात आने वाले चुनाव से पहले एनडीए के भीतर सामंजस्य और भरोसे का प्रदर्शन है.
चिराग पासवान भी अब अपनी भाषा में बदलाव लाते दिख रहे हैं. जहां पहले वे कहते थे कि “मुख्यमंत्री का चेहरा चुनाव के बाद तय होगा,” वहीं अब उन्होंने हालिया इंटरव्यू में कहा, “हम अपने वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव की ओर बढ़ रहे हैं.”
पासवान वोट बैंक और नीतीश का समीकरण
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चिराग पासवान अपने बयानबाजी से पासवान समाज के वोटों को मजबूत करने की कोशिश करते हैं, जबकि दूसरी ओर नीतीश कुमार से दूरी भी नहीं बनाना चाहते. राम विलास पासवान के समय से ही एलजेपी और जेडीयू के रिश्ते उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालातों में दोनों नेताओं के बीच एक नया समीकरण बनता दिख रहा है.
मंच पर पैर छूने से लेकर घर पर प्रसाद तक
कुछ दिनों पहले समस्तीपुर में हुए एक कार्यक्रम में भी नीतीश और चिराग के बीच गर्मजोशी भरा पल देखने को मिला था, चिराग ने मंच पर जाकर नीतीश कुमार के पैर छुए और आशीर्वाद लिया. अब छठ पूजा पर घर बुलाना और प्रसाद ग्रहण कराना इस रिश्ते को और राजनीतिक रूप से मजबूत करता दिख रहा है.
यह भी पढ़ें- आखिरी बार अलविदा... रोहित शर्मा ने किया भावुक पोस्ट, पढ़कर हिटमैन के फैंस हो जाएंगे इमोशनल