Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. बमीठा थाना क्षेत्र के अवधपुरा गांव में घर के अंदर सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जिंदगी बचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
12 साल की नेहा ने परिजनों को बताया
बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय नेहा कुशवाहा और उसका 18 वर्षीय भाई जीतेन्द्र कुशवाहा रात में घर के अंदर साथ सो रहे थे. इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों के पैर में काट लिया. सांप के डसने के बाद नेहा की नींद खुल गई और उसने तुरंत अपने परिवार को इसकी जानकारी दी. परिजन बिना देर किए उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया. हालांकि इलाज के दौरान नेहा ने दम तोड़ दिया.
गहरी नींद में था भाई, बिगड़ी तबीयत तो पता चला
नेहा के भाई जीतेन्द्र को भी उसी दौरान सांप ने डसा था, लेकिन वह गहरी नींद में होने के कारण परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी. कुछ समय बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिवार को पता चला कि उसे भी सांप ने काट लिया है. परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी और उसकी भी मौत हो गई. जीतेन्द्र कक्षा 12वीं का छात्र था, जबकि नेहा कक्षा 6वीं में पढ़ती थी.
एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में मातम
एक ही रात में भाई-बहन की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है. घटना की सूचना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है. दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है. परिजन इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं कि जिन बच्चों के साथ घर में रोजमर्रा की जिंदगी गुजर रही थी, वे एक ही रात में हमेशा के लिए उनसे दूर हो गए.
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है सांपों का खतरा
बारिश के मौसम में सांपों के बिलों और उनके ठिकानों में पानी भरने के कारण इनके आबादी वाले इलाकों में निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में जमीन पर सोने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ सकता है. छतरपुर की इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सांपों के बढ़ते खतरे और समय पर उपचार की जरूरत को सामने ला दिया है. खासकर रात के समय घरों में सोते वक्त सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि सांप के काटने की स्थिति में शुरुआती समय इलाज के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जहरीले सांप का कहर! आश्रम स्कूल में फर्श पर सो रहीं छात्राओं को डसा, तीन की मौत