दारू का साथी चखना...क्यों होता जरूरी? जानें भारत में यह कब से बना शराब का साथी

यह कहानी सिर्फ शराब और स्नैक्स की नहीं है—यह भारत की बदलती जीवनशैली, विज्ञान, समाज और सैकड़ों साल पुरानी आदतों का दिलचस्प मेल है. आज ‘चखना’ हमें एक आम सा रिवाज लगता है, लेकिन इसकी यात्रा बेहद रोचक है.

Chakna With Alcohol history of chakna why food is important with alcohol
Image Source: Freepik

यह कहानी सिर्फ शराब और स्नैक्स की नहीं है—यह भारत की बदलती जीवनशैली, विज्ञान, समाज और सैकड़ों साल पुरानी आदतों का दिलचस्प मेल है. आज ‘चखना’ हमें एक आम सा रिवाज लगता है, लेकिन इसकी यात्रा बेहद रोचक है. यह आदत कब, कैसे और क्यों बनी—इसका जवाब इतिहास, मेडिकल साइंस और भारतीय समाज की परतों में छिपा है.

शरीर में अल्कोहल का अवशोषण बहुत तेज होता है, खासकर जब पेट खाली हो. पेट की परतें शराब को सीधे खून में पहुंचा देती हैं, जिससे नशा झटके से और अनियंत्रित रूप से चढ़ जाता है. वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि अगर पेट में खाना मौजूद हो तो अल्कोहल का अवशोषण करीब 70-75% तक धीमा हो जाता है. इसी वजह से डॉक्टर भी सलाह देते हैं कि खाली पेट शराब पीने से हमेशा बचना चाहिए. यहीं से खाने यानी चखने की जरूरत पैदा हुई.

भारतीय समाज में चखने की शुरुआत कैसे हुई?

भारत में शराब का इतिहास लंबा है, लेकिन शराब और खाने को जोड़ने की परंपरा नई है. ब्रिटिश शासन के दौरान शराब को मुख्य रूप से राजस्व का स्रोत माना जाता था. ‘पीने के साथ खाने’ जैसी कोई सांस्कृतिक परंपरा नहीं थी.

मजदूरों के कारण बढ़ी चखने की मांग

20वीं सदी की शुरुआत में मुंबई (तब बॉम्बे) के मिल एरिया में बड़ी संख्या में मजदूर शराब की तरफ झुकने लगे. समाज पर इसके बुरे प्रभाव को रोकने के लिए कई भारतीय राज्यों ने विदेशी नियमों की नकल करते हुए कानून बना दिए कि शराब के साथ खाना देना अनिवार्य होगा. और यहीं से शराब बेचने वालों ने सबसे आसान, सस्ता और जल्दी तैयार होने वाला खाना देना शुरू किया उबले चने, नमकीन, उबले अंडे, सूखी मूंगफली वगैरह. गुणवत्ता की कोई गारंटी नहीं थी. अखबारों में आए दिन शिकायतें छपती थीं, लेकिन व्यवस्था ऐसी थी कि कोई सुधार नहीं हो पाता था.

आजादी के बाद चखना बना गुप्त संकेत

1950 के दशक में कई राज्यों में शराबबंदी लागू हुई. शराब के ठेके भूमिगत हो गए.मुंबई में तब एक दिलचस्प अनौपचारिक “कोड” चल पड़ा जहां सड़क पर ज़्यादा चने, अंडे या चटनी बेचने वाले दिखें, वहां पास में गुप्त शराब का ठेका होने की संभावना होती थी. भूगोल बदला, लोग बदले, पर “पीने के साथ कुछ खाने” की आदत और मजबूत होती गई.

70 के दशक में बदला खेल—बार कल्चर का दौर

शहरों में बार और रेस्टोरेंट संस्कृति तेजी से बढ़ी. अब मुकाबला सख्त था.ग्राहकों को ज़्यादा देर रोकने और ज़्यादा ऑर्डर दिलाने के लिए बार मालिक मुफ्त चने, पापड़, चटनी देने लगे.यह सुविधा आगे चलकर ‘चखना सर्विस’ कहलाने लगी.

90 के दशक तक चखना बन गया इंडस्ट्री

उदारीकरण के बाद बाजार बदला और लोगों की पसंद भी.अब चखना सिर्फ मूंगफली या अंडा नहीं रहा ग्रिल्ड चिकन, फ्राई फिश, चाइनीज स्नैक्स, मसाला पीनट, वेज स्टार्टर्स जैसी चीज़ें मेन्यू में छा गईं.बारों और रेस्टोरेंट्स के लिए यह एक मजबूत बिजनेस मॉडल बन गया.

आज चखना सिर्फ आदत नहीं एक संस्कृति है

आज चाहे आप किसी क्लब में जाएं, पब में बैठें या दोस्तों के साथ घर पर ड्रिंक करें—‘कुछ खाने’ की ये परंपरा हर जगह दिखती है. जोड़ी इतनी परफेक्ट हो चुकी है कि चखना अब भारतीय ड्रिंक कल्चर का स्थायी हिस्सा बन गया है.

यह भी पढ़ें: सर्दी आते ही पीने लगे कम पानी? कैसे पता करें सही क्वांटिटी इनटेक कर रहे आप; जानें