iPhone, iPad और Mac यूजर्स पर साइबर अटैक का खतरा, सरकार ने जारी की चेतावनी, तुरंत करें ये काम

Apple Devices: भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Apple डिवाइस इस्तेमाल करने वालों के लिए नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. इस चेतावनी में बताया गया है कि iPhone, iPad, Mac और अन्य Apple प्रोडक्ट्स में कई गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं.

CERT-In issued security alert for iPhone iPad and Mac users
Image Source: Social Media

Apple Devices: भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Apple डिवाइस इस्तेमाल करने वालों के लिए नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. इस चेतावनी में बताया गया है कि iPhone, iPad, Mac और अन्य Apple प्रोडक्ट्स में कई गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं, जिनका फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं. एजेंसी ने यूजर्स से तुरंत कार्रवाई करने और डिवाइस अपडेट करने की अपील की है.

कौन से डिवाइस और प्लेटफॉर्म खतरे में हैं?

CERT-In के मुताबिक, यह खतरा Apple के कई प्लेटफॉर्म और पुराने सॉफ्टवेयर वर्जन में मौजूद है. प्रभावित प्लेटफॉर्म्स में iOS, iPadOS, macOS, tvOS, visionOS और Safari ब्राउजर शामिल हैं. विशेष रूप से पुराने सॉफ्टवेयर वर्जन वाले iPhone, iPad और Mac यूजर्स सबसे ज्यादा जोखिम में हैं.

एजेंसी ने कुछ Common Vulnerabilities and Exposures (CVE) को भी सूचीबद्ध किया है, जो डेटा लीक, सिक्योरिटी बायपास और डिवाइस कंट्रोल जैसी गंभीर समस्याओं से जुड़े हैं. लंबे समय से अपडेट न करने वाले यूजर्स के लिए यह खतरा और भी बढ़ जाता है.

क्या हो सकता है नुकसान?

CERT-In ने चेतावनी दी है कि इन खामियों का इस्तेमाल करके हैकर्स डिवाइस पर कंट्रोल हासिल कर सकते हैं. इसके जरिए संवेदनशील जानकारी चोरी की जा सकती है, सिक्योरिटी सिस्टम को दरकिनार किया जा सकता है, या डिवाइस की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है. कुछ मामलों में डिवाइस क्रैश या काम बंद करने जैसी समस्या भी हो सकती है. हालांकि, फिलहाल भारत में किसी बड़े हमले की पुष्टि नहीं हुई है. यह अलर्ट संभावित खतरे को रोकने के लिए समय रहते जारी किया गया है.

खुद को सुरक्षित कैसे रखें?

CERT-In ने सभी Apple यूजर्स को सलाह दी है कि वे तुरंत अपने डिवाइस का लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट इंस्टॉल करें. नए अपडेट्स में इन खामियों को ठीक करने वाले पैच शामिल होते हैं.

iPhone और iPad यूजर्स Settings → General → Software Update में जाकर नए अपडेट्स चेक कर सकते हैं. Mac यूजर्स System Settings → General सेक्शन से अपडेट इंस्टॉल कर सकते हैं. इसके अलावा Safari ब्राउजर और अन्य Apple ऐप्स को भी नियमित रूप से अपडेट रखना जरूरी है. पुराने वर्जन साइबर हमलों के लिए आसान निशाना बन जाते हैं.

अपडेट में देरी पड़ सकती है भारी

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी सिक्योरिटी अपडेट को जल्द से जल्द इंस्टॉल करना चाहिए. खासकर तब, जब यह रिमोट एक्सेस या सिस्टम कंट्रोल जैसी कमजोरियों से जुड़ा हो. Apple सालभर में कई सुरक्षा अपडेट जारी करता है, लेकिन जो यूजर्स लंबे समय तक पुराने वर्जन का इस्तेमाल करते हैं, उनका डिवाइस हैकिंग और डेटा चोरी के अधिक जोखिम में रहता है.

ये भी पढ़ें: अब हैकर्स और स्कैमर्स से रहेंगे सेफ, अपने Android फोन में ऑन कर लें ये सिक्योरिटी फीचर