Canara Bank Apprentice 2026: बैंकिंग सेक्टर में अप्रेंटिसशिप के जरिए करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं के लिए केनरा बैंक ने मौका दिया है. बैंक की ओर से अप्रेंटिसशिप का ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 17 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया केनरा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन पूरी की जाएगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
केनरा बैंक अप्रेंटिसशिप के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 सितंबर 2026 के आधार पर तय की जाएगी. आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 28 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी. एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को अधिकतम 10 वर्ष की छूट मिलेगी. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है.
हर महीने मिलेगा 16,650 रुपये का स्टाइपेंड
इस अप्रेंटिसशिप के लिए चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान हर महीने 16,650 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. आवेदन के लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस भी जमा करनी होगी. सामान्य और अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है.
घर बैठे ऐसे कर सकेंगे आवेदन
आवेदन शुरू होने के बाद उम्मीदवार सबसे पहले केनरा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट www.canarabank.bank.in पर जाएं और Careers सेक्शन में अप्रेंटिसशिप से जुड़े लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जरूरी जानकारी भरकर लॉगिन या रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. आवेदन शुल्क लागू होने पर उसका ऑनलाइन भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें. उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले ऑफिशियल नोटिफिकेशन में दी गई सभी शर्तों और पात्रता को ध्यान से जरूर पढ़ लें.
ये भी पढ़ें: 10वीं-12वीं पास के लिए शानदार मौका! असम राइफल्स में 300 से ज्यादा पदों पर भर्ती, जानें कैसे होगा चयन