Assam Rifles Vacancy 2026: असम राइफल्स ने टेक्निकल और ट्रेड्समैन भर्ती रैली 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत वारंट ऑफिसर, राइफलमैन और हवलदार समेत विभिन्न पदों पर कुल 354 योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 28 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती खास मौका हो सकती है.
उम्र और शैक्षणिक योग्यता क्या है?
असम राइफल्स भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी. वारंट ऑफिसर पदों के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष और हवलदार पदों के लिए 18 से 23 वर्ष निर्धारित की गई है. वारंट ऑफिसर के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त संस्थान से 12वीं पास होना जरूरी है, जबकि तकनीकी राइफलमैन पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. संबंधित पद के अनुसार अन्य निर्धारित पात्रताएं पूरी करना भी जरूरी होगा.
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
भर्ती में आवेदन करने वाले जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है. वहीं एससी, एसटी और पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है. उम्मीदवारों को आवेदन करते समय निर्धारित प्रक्रिया के तहत शुल्क का भुगतान करना होगा और फॉर्म जमा करने से पहले अपनी सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लेनी चाहिए.
ऐसे होगा चयन
असम राइफल्स भर्ती में उम्मीदवारों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और ट्रेड स्किल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा. फिजिकल टेस्ट के दौरान उम्मीदवारों को 24 मिनट के भीतर 5 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और लिखित परीक्षा होगी. लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम 35 प्रतिशत और अन्य निर्धारित वर्गों के उम्मीदवारों को 33 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे. चयन प्रक्रिया के सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को आगे की भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: शिक्षक अभ्यार्थियों के लिए खुशखबरी, बिहार TRE 4.0 भर्ती में बढ़ी इतनी सीट, अब 33,320 पदों पर होगी बहाली