Kal Ka Mausam 1 October: देश में मॉनसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है और इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी तेजी से बदलने लगा है। कई राज्यों में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है और आसमान से बादल छंटने लगे हैं। हालांकि, कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के डेली बुलेटिन के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को देश के करीब 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और आंधी का भी अलर्ट है।
दिल्ली-NCR में अब साफ रहेगा आसमान
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर लगभग थम गया है और आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 अक्टूबर तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। 1 और 2 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राजस्थान में बारिश के बाद अब सूखे का दौर
राजस्थान में बीते 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जयपुर, टोंक, उदयपुर और बीकानेर में कई स्थानों पर बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अब राज्य में बारिश की गतिविधियां कम होंगी। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
यूपी और बिहार में थमेगी बारिश
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। 1 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। इसी दौरान राज्य से मॉनसून की विदाई की स्थिति बन सकती है। वहीं बिहार में भी बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। 1 अक्टूबर को राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि 3 अक्टूबर के बाद कुछ हिस्सों में दोबारा बारिश देखने को मिल सकती है।
तमिलनाडु में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज अभी भी सक्रिय बना हुआ है। तमिलनाडु के नीलगिरी, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई और तिरुचिरापल्ली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 1 अक्टूबर को नीलगिरी और कोयंबटूर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारी बारिश: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक
हल्की से मध्यम बारिश: उत्तराखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात
ये भी पढ़ें: किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! गेहूं समेत 6 फसलों की बढ़ी MSP, जानिए मोदी कैबिनेट के अन्य फैसले