यूपी का बुंदेलखंड बना 'तंदूर', बांदा में 48 डिग्री पहुंचा पारा; प्रचंड गर्मी से लोगों का हाल बेहाल

Banda Heatwave: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का बांदा जिला इन दिनों भयंकर गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.

Bundelkhand Heatwave Banda 48-Degree Temperature UP Weather update
Image Source: Freepik

Banda Heatwave: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का बांदा जिला इन दिनों भयंकर गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. इस असहनीय गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. सड़कें सूनी पड़ी हैं, लोग घरों में कैद हैं और बाहर निकलने का नाम भी नहीं ले रहे. क्या प्रशासन इन कठिन परिस्थितियों में जनता को राहत दे पा रहा है? 

लोग घरों में रहने को मजबूर

बांदा में पड़ रही गर्मी ने न केवल लोगों की दिनचर्या को बदल दिया है, बल्कि बाजारों में भीड़ का आभाव देखा जा रहा है. लोग जरूरी कामों के लिए ही बाहर निकल रहे हैं, जबकि लू और तेज धूप से बचने के लिए अधिकांश लोग घरों में ही रहते हैं. पशु-पक्षी भी इस गर्मी से बेहाल हो गए हैं और इसके असर से हर कोई जूझ रहा है.

स्थानीय लोग प्रशासन द्वारा किए गए राहत कार्यों को लेकर काफी निराश हैं. उनका कहना है कि प्रशासन का दावा केवल कागजों और सोशल मीडिया तक ही सीमित है. शहर में नियमित पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है, और सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, और कलेक्ट्रेट पर भी पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. ऐसे में, लोगों का यह मानना है कि अगर प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता, तो गर्मी से निपटने में ज्यादा मदद मिल सकती थी.

मजदूर वर्ग पर पड़ा सबसे ज्यादा असर

भीषण गर्मी का सबसे बुरा असर मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है. तपती हुई धूप में मजदूरों को खुले आसमान के नीचे सीमेंट की बोरियां ढोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. इन मजदूरों के पास ना तो कोई बीमा है और न ही श्रम विभाग में पंजीकरण, जिससे उनके सुरक्षा और अधिकारों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसे में उनका जीवन बेहद कठिन हो गया है और उन्हें ठंडी छांव की तलाश है.

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

गर्मी की गंभीरता को देखते हुए बांदा जिलाधिकारी ने हीट वेव के प्रति चेतावनी जारी की है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और ज्यादा पानी पिएं. इसके अलावा, शरीर को ढक कर रखें और लू से बचने के उपायों को अपनाएं. स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं. कोल्ड रूम्स और अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं के साथ अस्पतालों को तैयार किया गया है, ताकि लू से प्रभावित लोगों का इलाज किया जा सके.

ये भी पढ़ें: बनारस में पीएम मोदी का सपा-कांग्रेस पर निशाना, कहा - महिला आरक्षण का लक्ष्य मैं पूरा करके ही रहूंगा